उत्तराखंड में बारिश का कहर: चमोली-उत्तरकाशी समेत चार जिलों में आज स्कूल बंद, ऑरेंज अलर्ट जारी

 

 

 

  • थराली आपदा में एक की मौत, कई घायल; गंगोत्री हाईवे बहाल करने में जुटी टीमें

चमोली/उत्तरकाशी। उत्तराखंड में लगातार हो रही भारी बारिश से हालात गंभीर बने हुए हैं। मौसम विभाग ने 25 अगस्त को कई जिलों में ऑरेंज अलर्ट जारी किया है। हालात को देखते हुए चमोली, बागेश्वर, नैनीताल और उत्तरकाशी में आज सभी स्कूलों (कक्षा 1 से 12 तक) और आंगनबाड़ी केंद्रों में अवकाश घोषित किया गया है।

कहाँ-कहाँ रहेगा अलर्ट

मौसम विज्ञान केंद्र देहरादून के मुताबिक, 25 अगस्त को चमोली, देहरादून, हरिद्वार, पौड़ी, उत्तरकाशी, रुद्रप्रयाग और टिहरी जिलों में गरज-चमक और तेज बारिश की संभावना है। कुछ स्थानों पर बहुत भारी बारिश भी हो सकती है।

चमोली में आपदा का बड़ा असर

23 अगस्त की रात थराली के टुनरी गदेरा (सिफाई) में अचानक पानी और मलबा आने से भारी तबाही मची।

  • सगवाड़ा, चेपड़ो और कोटदीप बाजार में कई घर, दुकानें, गौशालाएं और वाहन क्षतिग्रस्त हुए।

  • 20 वर्षीय युवती की दबकर मौत हो गई, जबकि 78 वर्षीय बुजुर्ग लापता हैं।

  • हादसे में 9 लोग घायल हुए, जिनमें से 6 को एम्स ऋषिकेश रेफर, 1 को उप जिला अस्पताल कर्णप्रयाग, और 2 को प्राथमिक उपचार के बाद छुट्टी दे दी गई।

उत्तरकाशी में भी तबाही, राहत कार्य जारी

उत्तरकाशी के धराली में मलबे में दबे लोगों की तलाश के लिए रेस्क्यू अभियान जारी है।

  • सोनगाड़ और डबरानी में वॉश आउट गंगोत्री हाईवे को दुरुस्त कर मशीनें हर्षिल तक पहुंच गई हैं और हाईवे खोलने का काम तेजी से चल रहा है।

  • वहीं स्यानाचट्टी में यमुना नदी पर बनी झील को पंचर करने के बाद जलस्तर कम हो गया है, जिससे क्षेत्र में खतरा टल गया है।

 

(Visited 2,224 times, 1 visits today)