नई दिल्ली: मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने आज नई दिल्ली में PHD चैम्बर ऑफ़ कॉमर्स एंड इंडस्ट्री के 120वें वार्षिक सत्र में हिस्सा लिया। उन्होंने कार्यक्रम में उपस्थित उद्योगपतियों और विभिन्न औद्योगिक संस्थानों के प्रतिनिधियों का स्वागत करते हुए PHD चैम्बर की 120 वर्षों की योगदान यात्रा की सराहना की।
मुख्यमंत्री ने कहा कि यह सम्मेलन सिर्फ उद्योग जगत का आयोजन नहीं, बल्कि भारत की आर्थिक शक्ति, वैश्विक नेतृत्व और नवाचार की संभावनाओं का मंच है। उन्होंने प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में भारत में अपनाई जा रही “रिफॉर्म, परफॉर्म और ट्रांसफॉर्म” नीति और ‘स्टार्टअप इंडिया’, ‘मेक इन इंडिया’, ‘डिजिटल इंडिया’ जैसी पहलों का जिक्र करते हुए कहा कि भारत अब वैश्विक निवेश के लिए सबसे भरोसेमंद गंतव्य बन चुका है।
धामी ने उत्तराखंड में औद्योगिक विकास को लेकर भी महत्वपूर्ण जानकारी साझा की। उन्होंने कहा कि राज्य ने निवेशक केंद्रित नीतियों, बुनियादी ढांचे और सुशासन के जरिए निवेशकों के लिए अनुकूल वातावरण तैयार किया है। 2023 में आयोजित ग्लोबल इनवेस्टर्स समिट में 3.56 लाख करोड़ रुपए से अधिक के निवेश समझौतों में से लगभग 1 लाख करोड़ रुपए को धरातल पर उतारा गया है।
इसके अतिरिक्त, मुख्यमंत्री ने राज्य में स्थापित मेगा इंडस्ट्रियल पॉलिसी, यू-हब इनक्यूबेशन केंद्र, 200 करोड़ रुपए का वेंचर फंड, निवेश प्रोत्साहन एजेंसी UK-SPICE, और स्मार्ट औद्योगिक टाउनशिप जैसी पहलों की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि उत्तराखंड में ईज ऑफ डूइंग बिजनेस और स्टार्टअप रैंकिंग में राज्य को अग्रणी स्थान प्राप्त हुआ है।
धामी ने आगामी 28-30 नवंबर 2025 को देहरादून में आयोजित होने वाले विश्व आपदा प्रबंधन शिखर सम्मेलन (WSDM) का भी उल्लेख किया, जो जलवायु परिवर्तन और आपदा प्रबंधन पर वैश्विक विशेषज्ञों के विचार साझा करने का मंच होगा।

