अल्मोड़ा : छात्राओं से यौन शोषण के आरोपों में फंसे चैतन्यानंद सरस्वती के तार अल्मोड़ा से भी जुड़े होने की खबर ने जिले में सनसनी फैला दी है। बताया जा रहा है कि आरोपित बीते दिनों कसारदेवी क्षेत्र में रुका था, जहां उसने कुछ स्थानीय लोगों से भी संपर्क साधा था। इसी संबंध में दिल्ली पुलिस की एक टीम शुक्रवार को अल्मोड़ा पहुंची और कई लोगों से पूछताछ की।
सूत्रों के अनुसार, टीम ने कसारदेवी क्षेत्र में स्थित कुछ आश्रमों और रिजॉर्ट स्वामियों से जानकारी जुटाई। पुलिस ने उन लोगों से भी बातचीत की, जिनके यहां चैतन्यानंद के साथ कुछ छात्राएं भी आई थीं। बताया जाता है कि दिल्ली पुलिस ने इस दौरान कुछ दस्तावेज़ और डिजिटल साक्ष्य भी एकत्र किए हैं।
हालांकि दिल्ली पुलिस के इस दौरे की आधिकारिक पुष्टि अब तक नहीं की गई है। स्थानीय पुलिस अधिकारी इस पूरे मामले पर चुप्पी साधे हुए हैं। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक देवेंद्र पींचा ने कहा कि “इस संबंध में कोई आधिकारिक जानकारी नहीं है। अगर कोई जानकारी मिलेगी तो साझा की जाएगी।”
दिनभर कसारदेवी क्षेत्र और शहर में दिल्ली पुलिस के आने और जांच की चर्चा छाई रही। स्थानीय लोगों के बीच यह सवाल उठ रहा है कि आखिर चैतन्यानंद सरस्वती अल्मोड़ा में किन कारणों से आया था और यहां उसका उद्देश्य क्या था।
फिलहाल मामले की जांच दिल्ली पुलिस के हाथ में है, लेकिन अल्मोड़ा में की गई पूछताछ से यह स्पष्ट है कि जांच का दायरा अब पहाड़ तक पहुंच गया है।
