Site icon The Mountain People

सीएम हेल्पलाइन समीक्षा बैठक में अधिकारियों को एक हफ्ते में रिपोर्ट और कार्रवाई के आदेश

 

 

 

 

देहरादून: श्रीदेव सुमन विश्वविद्यालय, टिहरी की छात्रा साक्षी द्वारा डिग्री न मिलने की शिकायत लंबे समय तक सीएम हेल्पलाइन 1905 पर दर्ज रहने के बावजूद निस्तारित न होने पर मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने शुक्रवार को सचिवालय में हुई समीक्षा बैठक में गंभीर नाराज़गी जताई।

मुख्यमंत्री ने आईटी और उच्च शिक्षा सचिव को निर्देश दिए कि एक सप्ताह के भीतर जांच रिपोर्ट प्रस्तुत की जाए और जिम्मेदार अधिकारी पर सख़्त कार्रवाई की जाए। साथ ही उन्होंने कहा कि छात्रा को एक हफ्ते के अंदर डिग्री उपलब्ध कराई जाए।

उन्होंने विश्वविद्यालयों और महाविद्यालयों में हेल्प डेस्क स्थापित करने के निर्देश दिए ताकि छात्र-छात्राओं की समस्याओं का समय पर समाधान हो सके। मुख्यमंत्री ने कहा कि सेवा के अधिकार के तहत मिलने वाली सभी सेवाओं की जानकारी कार्यालयों के डिस्प्ले बोर्ड पर दर्ज होनी चाहिए।

सीएम ने कहा कि हेल्पलाइन पर दर्ज बिजली, पानी, सड़क और अन्य मूलभूत सुविधाओं से संबंधित शिकायतों का त्वरित निस्तारण हो। इसके लिए अधिकारी अपने नोटिस बोर्ड पर यह स्पष्ट करें कि वे किस दिन समस्याओं के समाधान के लिए उपलब्ध रहेंगे।

मुख्यमंत्री धामी ने बैठक में शिकायतकर्ताओं से सीधे बात कर अधिकारियों को उनकी समस्याओं का शीघ्र समाधान करने के निर्देश दिए। उन्होंने आपदा प्रभावित क्षेत्रों की शिकायतों को प्राथमिकता पर निस्तारित करने और 3 माह से अधिक लंबित प्रकरणों का अभियान चलाकर समाधान करने के आदेश दिए।

सीएम ने स्पष्ट कहा कि समस्या का समाधान तभी माना जाएगा, जब शिकायतकर्ता पूरी तरह संतुष्ट होगा। उन्होंने सभी जिलाधिकारियों को नियमित जनता मिलन कार्यक्रम आयोजित करने और शिकायतों के समयबद्ध निस्तारण में लापरवाही बरतने वाले अधिकारियों पर जिम्मेदारी तय कर कार्रवाई करने की चेतावनी दी।

बैठक में निदेशक आईटीडीए गौरव कुमार ने हेल्पलाइन पर प्राप्त शिकायतों और समाधान की प्रगति रिपोर्ट प्रस्तुत की। जानकारी दी गई कि सबसे अधिक शिकायतें पेयजल, गृह विभाग और ऊर्जा से जुड़ी आ रही हैं।

बैठक में मुख्य सचिव आनंद बर्द्धन, प्रमुख सचिव आर.के. सुधांशु, आर. मीनाक्षी सुंदरम, अवस्थापना अनुश्रवण परिषद के उपाध्यक्ष विश्वास डाबर सहित सचिवगण, विभागाध्यक्ष और सभी जिलाधिकारी वर्चुअल माध्यम से शामिल हुए।

Exit mobile version