Site icon The Mountain People

CM धामी ने रुद्रप्रयाग आपदा प्रभावित क्षेत्रों का किया हवाई सर्वेक्षण, 1200 करोड़ की तात्कालिक राहत की घोषणा

 

 

 

रुद्रप्रयाग: मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने शनिवार को रुद्रप्रयाग जनपद के आपदा प्रभावित बसुकेदार क्षेत्र के तालजामण, डूंगर, बड़ेथ, जौला, कमद, उछोला, छैनागाड़, पटुय आदि गांवों का हवाई सर्वेक्षण किया। इसके बाद जिला पंचायत सभागार में बैठक कर उन्होंने राहत एवं बचाव कार्यों, विद्युत, पेयजल, चिकित्सा, मोटर मार्गों की स्थिति और श्री केदारनाथ धाम यात्रा व्यवस्थाओं की समीक्षा की।

मुख्यमंत्री ने कहा कि इस वर्ष मानसून के दौरान राज्य ने गंभीर चुनौतियों का सामना किया है। उन्होंने प्रभावितों के प्रति गहरी संवेदना व्यक्त की और जिला प्रशासन की तत्परता की सराहना की। धामी ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का विशेष आभार जताया और बताया कि पीएम लगातार आपदा की स्थिति का अपडेट लेते रहे तथा प्रभावितों के लिए 1200 करोड़ रुपये की तात्कालिक राहत देने की घोषणा की।

सीएम ने अधिकारियों को 30 सितंबर तक अलर्ट मोड पर रहने और नदी-नालों पर अतिक्रमण हटाने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि मानसून के बाद केदारनाथ धाम में श्रद्धालुओं की संख्या बढ़ेगी, इसलिए यात्रियों की सुरक्षा और यात्रा की सुगमता सर्वोच्च प्राथमिकता होनी चाहिए।

जिलाधिकारी प्रतीक जैन ने आपदा में हुए नुकसान की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि प्रभावितों को सुरक्षित स्थानों पर पहुँचाने, राहत शिविर, खाद्यान्न व रिफ्रेशमेंट किट, सोलर लाइट, कंबल, टेंट, टॉर्च, चिकित्सा सुविधाएं और हेली सेवा की व्यवस्था की गई। आपदा में भवन, गौशालाएं, कृषि भूमि, सड़क मार्ग, पेयजल योजनाएं और विद्युत ढांचा क्षतिग्रस्त हुआ है।

जिलाधिकारी ने मुख्यमंत्री को जवाड़ी बाईपास, सिरोबगड़, मुनकटिया, गौरीकुंड हाईवे और केदारनाथ पैदल मार्ग पर हुए नुकसान एवं सुधार कार्यों की जानकारी दी। साथ ही, यात्रा के दूसरे चरण में अनुमानित यात्रियों, हेली सेवाओं और व्यवस्थाओं पर भी ब्रीफिंग दी।

Exit mobile version