TMP: उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने 16 सितंबर को अपने जन्मदिन पर किसी प्रकार का औपचारिक आयोजन न करने और इसे सेवा व सादगी को समर्पित करने का प्रेरणादायक निर्णय लिया है। मुख्यमंत्री ने स्पष्ट किया कि जन्मदिन का उद्देश्य समाज के प्रति अपने कर्तव्य को समझना और जरूरतमंदों की सेवा करना होना चाहिए।
इस अवसर पर मुख्यमंत्री धामी ने कहा कि वे स्वयं आपदा प्रभावित परिवारों और आमजन की मदद में समय व्यतीत करेंगे। उन्होंने राज्य के उन क्षेत्रों की स्थिति पर ध्यान दिलाया, जहाँ हाल ही में आपदा से लाखों लोग कठिन परिस्थितियों का सामना कर रहे हैं। मुख्यमंत्री ने समाज के सभी वर्गों से अपील की कि वे आपदा पीड़ितों के सहयोग के लिए आगे आएं ताकि हर एक प्रयास पीड़ित परिवारों के लिए संबल और आशा का स्रोत बन सके।
मुख्यमंत्री ने यह भी बताया कि स्वच्छता अभियान, वृक्षारोपण, शिक्षा सहयोग, आपदा राहत जैसे कार्य समाज में सकारात्मक बदलाव लाने का सबसे प्रभावी माध्यम हैं। उन्होंने कहा कि सेवा और त्याग की भावना उत्तराखंड की असली पहचान है और यदि हर नागरिक इसी सोच के साथ कार्य करें तो राज्य को हर क्षेत्र में मजबूती और नई ऊर्जा मिलेगी।
यह निर्णय न केवल प्रशासनिक जिम्मेदारी का उदाहरण प्रस्तुत करता है, बल्कि समाज सेवा की भावना को भी जागृत करने की प्रेरणा देता है। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के इस कदम से प्रदेशवासियों में भी सेवा भाव को अपनाने की प्रेरणा मिलेगी।
