देहरादून: मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने रविवार को मुख्यमंत्री आवास में विधायकगण से शिष्टाचार भेंट कर प्रदेश के विकास कार्यों और आपदा राहत के कार्यों में उनकी सक्रिय भागीदारी का आह्वान किया। इस अवसर पर विधायक सहदेव पुंडीर, खजान दास, सुरेश चौहान, भरत चौधरी, संजय डोभाल, अनिल नौटियाल, प्रीतम पंवार सहित अन्य जनप्रतिनिधि उपस्थित रहे।
विधायकों ने अपने-अपने क्षेत्रों की विकासात्मक मांगें व स्थानीय समस्याएं मुख्यमंत्री के समक्ष प्रस्तुत कीं। मुख्यमंत्री श्री धामी ने उन्हें विश्वास दिलाया कि सभी मांगों का शीघ्र समाधान सुनिश्चित किया जाएगा तथा संबंधित विभागों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए जाएंगे। उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि सरकार की प्राथमिकता त्वरित, पारदर्शी एवं प्रभावी जनसेवा प्रदान करना है।
मुख्यमंत्री ने प्रदेश में हाल ही में आई प्राकृतिक आपदाओं के संदर्भ में जनप्रतिनिधियों से प्रभावित क्षेत्रों का दौरा कर राहत एवं पुनर्वास कार्य में सहयोग देने की अपील की। उन्होंने भरोसा दिलाया कि सरकार हर संभव प्रयास कर आपदा प्रभावित परिवारों तक सहायता पहुँचाने में प्रतिबद्ध है।
इसके अतिरिक्त मुख्यमंत्री ने प्रदेश के सड़क संपर्क, स्वास्थ्य सेवाओं, शिक्षा, पर्यटन, पेयजल व ऊर्जा क्षेत्रों में बुनियादी ढांचे को सुदृढ़ बनाने के लिए जारी योजनाओं पर भी विस्तार से चर्चा की। उन्होंने यह बल दिया कि उत्तराखंड का संतुलित और सर्वांगीण विकास तभी संभव है जब जनप्रतिनिधि एवं सरकार मिलकर जनता की अपेक्षाओं को पूरा करें।
इस शिष्टाचार भेंट के अंत में एक सकारात्मक संकल्प व्यक्त किया गया कि सरकार व जनप्रतिनिधि मिलकर प्रदेशवासियों की भलाई व प्रदेश के विकास हेतु तत्पर रहेंगे।

