– लोकतंत्र सेनानी को सम्मान पेंशन की भी मंजूरी
देहरादून : CM पुष्कर सिंह धामी ने उत्तराखण्ड राज्य के समग्र विकास को ध्यान में रखते हुए विभिन्न प्रमुख परियोजनाओं को कुल 146.19 करोड़ रुपये की वित्तीय स्वीकृति प्रदान की है।
मुख्य स्वीकृत योजनाओं में शामिल हैं:
कालाढूंगी सड़क चौड़ीकरण योजना – जनपद नैनीताल के कालाढूंगी विधानसभा क्षेत्र में राजकीय प्राथमिक विद्यालय भगवानपुर से राजकीय इंटर कॉलेज लामाचौड़ होते हुए कालाढूंगी मुख्य मार्ग तक सड़क चौड़ीकरण के लिए 3.81 करोड़ रुपये की स्वीकृति।
बोड़ी धुराफाट पम्पिंग योजना – जनपद बागेश्वर के बागेश्वर शाखा के अंतर्गत पम्पों/मोटरों की रेट्रोफिटिंग सहित ऊर्जा कुशल सेंट्रीफ्यूगल पम्प सेटों की आपूर्ति एवं स्थापना के लिए 4.73 करोड़ रुपये की स्वीकृति।
अभियोजन विभाग भवन निर्माण – जनपद हरिद्वार के रोशनाबाद में अभियोजन विभाग जनदीय निदेशालय हेतु कार्यालय भवन और सदर मालखाने के निर्माण के लिए 7.07 करोड़ रुपये, जिसमें प्रथम किस्त के रूप में 40% की धनराशि भी स्वीकृत।
कुम्भ मेला-2027 तैयारी – नए निर्माण कार्यों हेतु कार्यदायी संस्थाओं को लगभग 113 करोड़ रुपये की स्वीकृति, जिसमें इस वित्तीय वर्ष में प्रारंभिक टोकन राशि के रूप में 10 करोड़ रुपये जारी किए जाएंगे।
पेयजल एवं स्वच्छता परियोजनाएँ – उत्तराखण्ड जल संस्थान और उत्तराखण्ड पेयजल निगम के तहत कुल 17.58 करोड़ रुपये की पेयजल एवं ग्रिड सोलर योजनाओं को नाबार्ड के तहत स्वीकृति।
साथ ही, मुख्यमंत्री धामी ने लोकतंत्र सेनानी देवकी देवी को सम्मान स्वरूप 16,000 रुपये प्रतिमाह से बढ़ाकर 20,000 रुपये प्रतिमाह पेंशन के साथ बकाया राशि की मंजूरी प्रदान की, जिससे उनके परिवार को सुरक्षा और सम्मान मिलेगा।
यह निर्णय राज्य के समग्र विकास के साथ-साथ सामाजिक न्याय के प्रति मुख्यमंत्री की प्रतिबद्धता को भी दर्शाता है।
