देहरादून: मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने रविवार को मुख्यमंत्री आवास पर वरिष्ठ अधिकारियों के साथ उच्चस्तरीय बैठक की और राज्य के आपदा प्रबंधन, प्रशासनिक सुधार एवं सेवा वितरण को लेकर कई अहम निर्णय लिए।
मुख्यमंत्री ने निर्देश दिए कि थराली क्षेत्र को भी धराली की तर्ज़ पर विशेष राहत और पुनर्वास पैकेज प्रदान किया जाए। हाल की आपदाओं से प्रभावित लोगों को तत्काल सहायता पहुँचाने और पुनर्वास कार्यों को युद्धस्तर पर प्रारंभ करने को कहा गया।
इसी तरह जोशीमठ में राहत व पुनर्निर्माण कार्यों को भी गति देने के निर्देश दिए गए। सीएम ने कहा कि प्रभावित परिवारों की पीड़ा को प्राथमिकता पर दूर किया जाए।
विधानसभा की रजत जयंती के अवसर पर नवंबर माह में दो दिवसीय विशेष सत्र आयोजित होगा, जिसमें राज्य की उपलब्धियों, चुनौतियों और भविष्य की योजनाओं पर चर्चा की जाएगी।
प्रशासनिक सुगमता के लिए भविष्य में एसडीएम, तहसीलदार, पुलिस क्षेत्राधिकारी और बीडीओ कार्यालयों को एकीकृत कर एक ही छत के नीचे लाने का निर्णय लिया गया, ताकि जनता को सेवाएँ आसानी से मिल सकें।
ग्राम सभा स्तर पर सप्ताह में एक दिन पंचायत भवन में पंचायत सचिव, ग्राम विकास अधिकारी, आशा और आँगनबाड़ी कार्यकर्त्री की उपस्थिति अनिवार्य होगी, जिससे ग्रामीणों को सभी आवश्यक सेवाएँ स्थानीय स्तर पर मिलें।
बैठक में प्रमुख सचिव आर. के. सुधांशु, आर. मीनाक्षी सुंदरम, सचिव शैलेश बगौली, एडीजी ए. पी. अंशुमन, विशेष सचिव डॉ. पराग मधुकर धकाते और अपर सचिव बंशीधर तिवारी मौजूद रहे।

