देहरादून: उत्तराखण्ड भवन एवं अन्य सन्निर्माण कर्मकार कल्याण बोर्ड (UKBOCW) द्वारा चलाए गए विशेष अभियान के तहत श्रमिकों और उनके आश्रितों को बड़ी राहत मिली है। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने सोमवार को ऑनलाइन डायरेक्ट बेनिफिट ट्रांसफर (DBT) के माध्यम से एक क्लिक पर 8,299 आवेदनों का निस्तारण कर कुल ₹24,85,19,700/- की राशि सीधे लाभार्थियों के बैंक खातों में हस्तांतरित की।
इस अभियान के अंतर्गत पुत्री विवाह सहायता योजना, मृत्यु अनुदान योजना, प्रसूति सहायता योजना एवं शिक्षा सहायता योजना के तहत लाभ पहुंचाया गया। श्रम विभाग के सचिव श्रीधर बाबू अददांकी और श्रमायुक्त प्रकाश चंद्र दुमका ने जानकारी दी कि बोर्ड ने पहली बार इतने बड़े पैमाने पर विशेष अभियान चलाकर इतने अधिक आवेदनों का समयबद्ध निस्तारण किया है।
मुख्यमंत्री ने इस पहल की सराहना करते हुए अधिकारियों को बधाई दी और कहा कि श्रमिकों की समस्याओं का समाधान तत्परता से होना चाहिए। साथ ही उन्होंने श्रमिकों और उद्योगों के बीच बेहतर समन्वय स्थापित करने के निर्देश दिए ताकि श्रमिकों को निरंतर रोजगार की सुलभता बनी रहे और उनकी छोटी-छोटी समस्याओं का समाधान तत्काल किया जा सके।
इस अवसर पर राज्य मंत्री गीता रावत, उप श्रमायुक्त मधु नेगी चौहान सहित श्रम विभाग के अधिकारी, एचडीएफसी बैंक प्रतिनिधि सुमित गोयल, इशान शर्मा और रोहित थपलियाल उपस्थित रहे।

