देहरादून: भारत मौसम विज्ञान विभाग, देहरादून और राष्ट्रीय आपदा प्रबंधन प्राधिकरण (NDMA) ने 13 अगस्त 2025 के लिए ‘रेड अलर्ट’ जारी किया है। पूर्वानुमान के अनुसार, जनपद में कहीं-कहीं भारी से अत्यंत भारी वर्षा, गर्जन, आकाशीय बिजली और वर्षा के अति तीव्र दौर की संभावना है।
भारी बारिश से भूस्खलन और अचानक बाढ़ का खतरा देखते हुए जिला प्रशासन ने कक्षा 1 से 12 तक के सभी सरकारी, गैर-सरकारी व निजी विद्यालयों और सभी आंगनबाड़ी केंद्रों को 13 अगस्त को एक दिन के लिए बंद रखने का आदेश दिया है।
यह आदेश छात्रों के साथ-साथ विद्यालयों के सभी शिक्षक और कर्मचारियों पर भी लागू होगा। मुख्य शिक्षा अधिकारी और जिला कार्यक्रम अधिकारी को आदेश के अनुपालन की जिम्मेदारी सौंपी गई है।

