देहरादून: सचिव गृह शैलेश बगौली शाम 7 बजे राज्य आपातकालीन परिचालन केंद्र पहुंचे और उत्तरकाशी के जिलाधिकारी प्रशांत आर्या से दिनभर के रेस्क्यू अभियान की जानकारी ली। हर्षिल और धराली में डीजल की कमी न हो, इसके लिए उन्होंने प्रतिदिन 2000 लीटर डीजल तथा 20–25 रसोई गैस सिलेंडर भेजने के निर्देश दिए।
सचिव गृह ने कहा कि जब तक सड़कें बहाल नहीं होतीं, तब तक खाद्य सामग्री की आपूर्ति घोड़े-खच्चरों के माध्यम से सुनिश्चित की जाए। साथ ही, बीआरओ के अनुरोध पर धराली में जल पुलिस को नाव भेजने के भी निर्देश दिए गए।
शनिवार को युद्धस्तर पर राहत और बचाव कार्य संचालित किए गए, जिसमें 480 लोगों को सुरक्षित निकालकर जौलीग्रांट, मातली और चिन्यालीसौंड से उनके गंतव्य भेजा गया। 6 से 9 अगस्त के बीच कुल 1126 लोगों का सुरक्षित रेस्क्यू किया गया है। शनिवार को यूकाडा और सेना के हेलीकॉप्टरों ने 128 सॉर्टी की, जबकि चार दिनों में कुल 257 सॉर्टी पूरी की गईं।
बैठक में सचिव आपदा प्रबंधन एवं पुनर्वास विनोद कुमार सुमन, अपर मुख्य कार्यकारी अधिकारी प्रशासन आनंद स्वरूप, डीआईजी राजकुमार नेगी और संयुक्त मुख्य कार्यकारी अधिकारी मोहम्मद ओबैदुल्लाह अंसारी मौजूद रहे।
