रुद्रपुर में गूंजा निवेश का नगाड़ा, अमित शाह ने कहा – ‘विकसित भारत का सपना, विकसित उत्तराखंड से ही होगा साकार’

 

 

 

TMP: उत्तराखंड में निवेश को धरातल पर उतारने की दिशा में एक ऐतिहासिक उपलब्धि दर्ज की गई। रुद्रपुर के स्पोर्ट्स स्टेडियम में आयोजित ‘उत्तराखंड निवेश उत्सव – 2025’ में मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी और केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह की मौजूदगी में राज्य सरकार ने एक लाख करोड़ रुपये के निवेश की सफल ग्राउंडिंग का उत्सव मनाया।

केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने धामी सरकार की खुलकर सराहना करते हुए कहा कि राज्य सरकार पारदर्शिता, तीव्रता और दूरदर्शिता के साथ काम कर रही है। उन्होंने याद दिलाया कि दिसंबर 2023 में हुए ग्लोबल इन्वेस्टर समिट में ₹3.56 लाख करोड़ के एमओयू साइन हुए थे, और आज ₹1 लाख करोड़ का निवेश धरातल पर उतरना उस संकल्प का सशक्त प्रमाण है। इससे 81 हजार नए प्रत्यक्ष रोजगार और ढाई लाख से अधिक अप्रत्यक्ष रोजगार के अवसर सृजित होने का मार्ग प्रशस्त हुआ है।

‘टीम धामी का पराक्रम’ बताते हुए शाह ने कहा कि राज्य की दूसरी और तीसरी श्रेणी के शहरों में भी उद्योगों की स्थापना हो रही है, जो संतुलित विकास का प्रतीक है। उन्होंने कहा कि आधुनिक उद्योग, पर्यटन, एमएसएमई, फिल्म नीति, आयुर्वेद, जैविक खेती और योग जैसे क्षेत्रों में सरकार की रणनीति निवेशकों के लिए भरोसेमंद माहौल बना रही है।

मोदी सरकार की डबल इंजन ताकत की चर्चा करते हुए शाह ने बताया कि 2014 के बाद केंद्र से उत्तराखंड को चार गुना अधिक ₹1.86 लाख करोड़ की सहायता दी गई। सड़क, रेलवे, एयरपोर्ट और रोपवे प्रोजेक्ट्स के लिए ₹70 हजार करोड़ से अधिक की अतिरिक्त मदद भी दी गई है।

उन्होंने दो टूक कहा: “2047 तक विकसित भारत का सपना, विकसित उत्तराखंड के बिना अधूरा है।”

शाह ने केंद्र सरकार की योजनाओं — मुफ्त अनाज, स्वास्थ्य बीमा, नल से जल, शौचालय, एलपीजी कनेक्शन और आवास — का जिक्र करते हुए बताया कि कैसे मोदी सरकार ने विकास और जनकल्याण को साथ लेकर चलने का नया मानक स्थापित किया है। उत्तराखंड अब केवल आध्यात्मिक और प्राकृतिक धरोहर का केंद्र नहीं, बल्कि देश का उभरता हुआ निवेश गंतव्य बन चुका है। और इसके पीछे है मुख्यमंत्री धामी के नेतृत्व में तेजी से आगे बढ़ती उत्तराखंड सरकार, जिसे केंद्र का मजबूत सहयोग और भरोसा प्राप्त है।

(Visited 2,028 times, 2 visits today)