Site icon The Mountain People

भाजपा में सबसे लंबा कार्यकाल, तिवारी के रिकॉर्ड के करीब पहुंचे सीएम पुष्कर सिंह धामी

 

 

 

TMP: उत्तराखंड की राजनीति में एक नया इतिहास रचा गया है। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने प्रदेश में भारतीय जनता पार्टी की ओर से सबसे लंबे समय तक मुख्यमंत्री रहने का कीर्तिमान स्थापित कर लिया है। उन्होंने 3 साल और 358 दिन का कार्यकाल पूरा कर पूर्व मुख्यमंत्री त्रिवेंद्र सिंह रावत (3 साल 357 दिन) को पीछे छोड़ दिया है।

धामी अब उत्तराखंड के दूसरे सबसे लंबे समय तक मुख्यमंत्री रहने वाले नेता बन गए हैं। पहले पायदान पर हैं कांग्रेस के दिग्गज नेता पंडित नारायण दत्त तिवारी, जिन्होंने वर्ष 2002 से 2007 तक पूर्ण पांच वर्षीय कार्यकाल सफलतापूर्वक पूरा किया था।

धामी का यह बढ़ता कार्यकाल केवल दिनों की गिनती नहीं है, बल्कि यह भाजपा के संगठनात्मक स्थायित्व, नेतृत्व की स्पष्टता और मजबूत जनाधार का प्रतीक बनकर उभर रहा है। उनकी नेतृत्व क्षमता, निर्णयों में स्पष्टता और युवाओं में उनकी लोकप्रियता ने उन्हें न केवल भाजपा बल्कि समूचे उत्तराखंड की राजनीति का एक अहम चेहरा बना दिया है।

राजनीतिक विश्लेषकों का मानना है कि यदि धामी अपने पद पर आगामी चुनावों तक बने रहते हैं, तो वे पं. तिवारी के रिकॉर्ड को भी पीछे छोड़ सकते हैं। पार्टी के भीतर भी यह विश्वास मजबूत हो रहा है कि धामी का निरंतर नेतृत्व 2027 में भाजपा को सत्ता में वापसी की हैट्रिक दिला सकता है।

मुख्यमंत्री धामी की यह उपलब्धि न केवल एक व्यक्तिगत कीर्तिमान है, बल्कि यह भाजपा की स्थिरता, विकास की दृष्टि और जनविश्वास की गहराई को भी दर्शाती है। यह कहना अतिशयोक्ति नहीं होगा कि उत्तराखंड में अब ‘धामी युग’ की दस्तक सुनाई दे रही है।

Exit mobile version