उत्तराखंड में फिल्म निर्माण को मिलेगा नया आयाम, NFDC और इंडिया सिने हब के साथ एकदिवसीय कार्यशाला
The Mountain People
देहरादून: उत्तराखंड को फिल्म निर्माण की नई संभावनाओं के केंद्र के रूप में स्थापित करने के लिए बुधवार को देहरादून में एकदिवसीय कार्यशाला का आयोजन किया जा रहा है। सूचना एवं प्रसारण मंत्रालय, भारत सरकार के उपक्रम एन.एफ.डी.सी. (NFDC), इंडिया सिने हब, और उत्तराखंड फिल्म विकास परिषद के संयुक्त तत्वावधान में हो रही इस कार्यशाला का विषय है – “Development in Filming Ecosystem in Uttarakhand”।
उत्तराखंड फिल्म विकास परिषद के मुख्य कार्यकारी अधिकारी बंशीधर तिवारी ने जानकारी दी कि इस कार्यशाला में न केवल उत्तराखंड में फिल्म उद्योग को बढ़ावा देने की संभावनाओं पर चर्चा होगी, बल्कि भारत सरकार की फिल्म नीतियों और योजनाओं की भी विस्तृत जानकारी दी जाएगी।
कार्यशाला में एन.एफ.डी.सी. और इंडिया सिने हब के विशेषज्ञों द्वारा केंद्र सरकार की ओर से फिल्म निर्माताओं को मिलने वाली सुविधाओं, सब्सिडी, और लॉजिस्टिक्स सपोर्ट पर प्रस्तुतीकरण दिया जाएगा। इसके साथ ही उत्तराखंड की नई फिल्म नीति 2024 के तहत उपलब्ध प्रोत्साहनों, शूटिंग परमिट, टैक्स में छूट और स्थानीय सहयोग की जानकारी भी साझा की जाएगी।
इस कार्यशाला में न सिर्फ फिल्म निर्माता, निर्देशक, सिनेमेटोग्राफर, और एडिटर्स, बल्कि होटल, टूरिज्म और ट्रैवल इंडस्ट्री से जुड़े प्रतिनिधि भी भाग ले रहे हैं, जिससे फिल्म इंडस्ट्री के साथ उत्तराखंड के पर्यटन को भी गति मिलेगी। यह कार्यशाला न केवल उत्तराखंड की सुंदर वादियों को फिल्म निर्माताओं के लिए आकर्षक लोकेशन के रूप में प्रस्तुत करने का माध्यम बनेगी, बल्कि राज्य को “न्यू ऐज फिल्म डेस्टिनेशन” के रूप में स्थापित करने की दिशा में एक निर्णायक कदम साबित होगी।