उत्तराखंड टेक्निकल यूनिवर्सिटी परीक्षा में पेपर लीक का मामला, सहायक प्रोफेसर गिरफ्तार

 

 

 

देहरादून: उत्तराखंड प्रौद्योगिकी विश्वविद्यालय (UTU) की सम-सेमेस्टर परीक्षा में गोपनीयता भंग होने के मामले में पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए शिवालिक कॉलेज ऑफ इंजीनियरिंग के एक सहायक प्रोफेसर को गिरफ्तार किया है। आरोप है कि उन्होंने परीक्षा से पहले छात्रों को व्हाट्सएप और अन्य ऑनलाइन माध्यमों से ऐसे प्रश्न साझा किए, जिनकी परीक्षा के प्रश्नपत्र से काफी समानता पाई गई।

विश्वविद्यालय के परीक्षा नियंत्रक डॉ. विनय कुमार पटेल की ओर से प्रेमनगर कोतवाली में दर्ज कराई गई शिकायत के अनुसार, 8 जुलाई को आयोजित परीक्षा के संबंध में विश्वविद्यालय को एक ई-मेल मिला था। इसमें दावा किया गया था कि 3 जुलाई को कॉलेज के एक सहायक प्रोफेसर ने छात्रों के व्हाट्सएप ग्रुप में महत्वपूर्ण प्रश्न साझा किए थे।

शिकायत के बाद विश्वविद्यालय की आंतरिक जांच समिति ने मामले की जांच की। जांच में सामने आया कि संबंधित प्रोफेसर ने परीक्षा से पहले छात्रों के व्हाट्सएप ग्रुप और आंतरिक पोर्टल पर ऐसे प्रश्न साझा किए थे, जिनका परीक्षा में पूछे गए प्रश्नों से काफी मेल था। इसे परीक्षा प्रणाली की गोपनीयता भंग करने और छात्रों को अनुचित लाभ पहुंचाने का मामला माना गया।

शिकायत के आधार पर प्रेमनगर थाने में भारतीय न्याय संहिता (BNS) की संबंधित धाराओं के तहत मुकदमा दर्ज किया गया। मामले की गंभीरता को देखते हुए एसएसपी देहरादून के निर्देश पर पुलिस ने साक्ष्य जुटाते हुए नामजद आरोपी आशीष कुमार गुप्ता (40), सहायक प्रोफेसर, शिवालिक कॉलेज ऑफ इंजीनियरिंग, झाझरा को गिरफ्तार कर लिया।

पुलिस ने आरोपी के कब्जे से मिले इलेक्ट्रॉनिक उपकरणों को जांच के दायरे में लिया है। अधिकारियों का कहना है कि यह पता लगाया जा रहा है कि प्रश्न किस माध्यम से लीक हुए और इस पूरे मामले में अन्य लोगों की भी भूमिका रही या नहीं। जांच के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

(Visited 28 times, 28 visits today)