देहरादून: सितंबर का आधा महीना बीत चुका है, लेकिन उत्तराखंड में मानसून का कहर थमने का नाम नहीं ले रहा है। मौसम विभाग का पूर्वानुमान बताता है कि राज्य में अभी कुछ और दिनों तक बारिश का सिलसिला जारी रहेगा।
अगस्त से शुरू हुई भारी बारिश ने पर्वतीय और मैदानी दोनों जिलों को प्रभावित किया है। खासकर एक घंटे में 60 मिमी से ज्यादा बारिश कई क्षेत्रों के लिए मुसीबत का सबब बनी हुई है। मौसम विभाग के अनुसार, महीने के अंत तक मैदानी जिलों में बारिश में कमी आ सकती है, लेकिन पहाड़ी जिलों में हल्की से मध्यम बारिश का दौर जारी रहेगा।
अगले 24 घंटे का पूर्वानुमान
देहरादून, टिहरी, पौड़ी, चंपावत, पिथौरागढ़ और नैनीताल जिलों में भारी बारिश की आशंका जताई गई है। इन इलाकों में येलो अलर्ट जारी किया गया है। हालांकि कुछ क्षेत्रों में तेज बारिश भी हो सकती है।
21 और 22 सितंबर का पूर्वानुमान
प्रदेश के अधिकांश हिस्सों में हल्की से मध्यम बारिश होगी। कुछ क्षेत्रों में लोगों को बारिश से राहत भी मिलेगी।
23 से 25 सितंबर तक
पर्वतीय जिलों में हल्की से मध्यम बारिश का अनुमान है, जबकि मैदानी जिलों में मौसम अपेक्षाकृत साफ रहने की संभावना है।
भूस्खलन और आपदा का खतरा बरकरार
विशेषज्ञों का कहना है कि लगातार हो रही बारिश के कारण पहाड़ी इलाकों में हल्की बारिश भी भूस्खलन का कारण बन सकती है। आपदा प्रबंधन विभाग ने यात्रियों और स्थानीय लोगों को विशेष सतर्कता बरतने की सलाह दी है। वहीं, नदियों और गदेरों के किनारे रहने वाले लोगों को अतिरिक्त एहतियात बरतने को कहा गया है।
