कुंभ 2027 से लेकर सड़क, पर्यटन और शहरी विकास तक: मुख्यमंत्री धामी ने 105 करोड़ की योजनाओं को दी मंजूरी

 

 

 

देहरादून: मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने प्रदेश में आधारभूत सुविधाओं के विस्तार, धार्मिक स्थलों के विकास, सड़क निर्माण और शहरी व्यवस्थाओं को सुदृढ़ करने के लिए विभिन्न परियोजनाओं हेतु करीब 105 करोड़ रुपये की वित्तीय स्वीकृति प्रदान की है। इन योजनाओं में कुंभ मेला-2027 की तैयारियों से लेकर मंदिर सौंदर्यीकरण, सड़क चौड़ीकरण, एलईडी स्ट्रीट लाइट, आपदा प्रभावित मार्गों के पुनर्निर्माण और ठोस अपशिष्ट प्रबंधन जैसी परियोजनाएं शामिल हैं।

मुख्यमंत्री ने अल्मोड़ा जनपद स्थित हरूहीत मंदिर, भिकियासैंण के सौंदर्यीकरण एवं जीर्णोद्धार कार्य के लिए 93.36 लाख रुपये स्वीकृत किए हैं, जबकि पौड़ी गढ़वाल के देवीखाल स्थित मां बाल कुँवारी मंदिर के विकास कार्यों के लिए 72.67 लाख रुपये की मंजूरी दी गई है।

सार्वजनिक सुविधाओं को मजबूत करने के तहत देहरादून, काशीपुर और हरिद्वार के श्रम न्यायालयों में महिलाओं, दिव्यांगजनों और ट्रांसजेंडर समुदाय के लिए पृथक शौचालय एवं अतिरिक्त कक्षों के निर्माण हेतु 1.41 करोड़ रुपये स्वीकृत किए गए हैं। वहीं पर्यटन विकास के लिए रानीखेत क्षेत्र में 1.50 करोड़ रुपये की योजनाओं को भी हरी झंडी मिली है।

नगर निगम कोटद्वार में एलईडी स्ट्रीट लाइट व्यवस्था को सुदृढ़ करने के लिए लगभग 5 करोड़ रुपये स्वीकृत किए गए हैं। इसके अलावा रामनगर स्थित दीवानी न्यायालय परिसर में न्यायिक कर्मचारियों के लिए आवासीय भवन निर्माण हेतु भी धनराशि मंजूर की गई है।

कुंभ मेला-2027 की तैयारियों को गति

आगामी कुंभ मेले की तैयारियों के तहत मायापुर क्षेत्र में अग्निशमन विभाग के लिए 50 बेड क्षमता वाले बैरक निर्माण को भी मंजूरी मिली है। इस परियोजना के लिए भारत सरकार द्वारा 4.17 करोड़ रुपये की स्वीकृति दी गई है।

शहरी निकायों को बड़ा लाभ

शहरी विकास विभाग के अंतर्गत हल्द्वानी, रुद्रपुर, हरिद्वार और रुड़की में पशु शवदाह गृह निर्माण, विभिन्न नगर निकायों में लीगेसी वेस्ट निस्तारण तथा कूड़ा वाहनों एवं उपकरणों की खरीद के लिए लगभग 48.58 करोड़ रुपये स्वीकृत किए गए हैं। इससे नगर निकायों की स्वच्छता और ठोस अपशिष्ट प्रबंधन व्यवस्था को मजबूती मिलेगी।

सड़कों और संपर्क मार्गों पर विशेष फोकस

मुख्यमंत्री ने रायपुर विधानसभा क्षेत्र में आपदा से क्षतिग्रस्त मार्गों के पुनर्निर्माण के लिए 7.76 करोड़ रुपये, रुद्रपुर शहर में गाबा चौक से डीडी चौक तक सड़क चौड़ीकरण के लिए 13.73 करोड़ रुपये तथा रुद्रप्रयाग जनपद के जखोली क्षेत्र में मोटर मार्ग के डामरीकरण हेतु 4.02 करोड़ रुपये की स्वीकृति दी है।

इसके अलावा लालकुआं क्षेत्र में विजयपुर-पहाड़पानी पैदल मार्ग के सुधार, चम्पावत में मौनपोखरी से हरेश्वर मंदिर मार्ग के डामरीकरण तथा रामनगर क्षेत्र में हनुमानधाम मोटर मार्ग के सुदृढ़ीकरण जैसी परियोजनाओं को भी वित्तीय मंजूरी प्रदान की गई है।

सरकार का मानना है कि इन विकास परियोजनाओं से धार्मिक पर्यटन, शहरी सुविधाओं, सड़क संपर्क और जनसुविधाओं को नई मजबूती मिलेगी तथा प्रदेश के विभिन्न क्षेत्रों में विकास कार्यों को गति प्राप्त होगी।

(Visited 4 times, 2 visits today)