जसपुर में सीवरेज व्यवस्था होगी मजबूत, अमृत-यू 2.0 से ₹11.14 करोड़ की मंजूरी

 

 

 

देहरादून: उधम सिंह नगर के जसपुर क्षेत्र में सीवरेज और प्रयुक्त जल प्रबंधन व्यवस्था को मजबूत करने की दिशा में बड़ा कदम उठाया गया है। केंद्र सरकार ने अमृत-यू 2.0 के तहत जसपुर के लिए तीन परियोजनाओं को मंजूरी दी है। इनकी कुल लागत ₹11.14 करोड़ है, जिसमें ₹10.026 करोड़ केंद्रीय सहायता के रूप में शामिल है।

राज्य सरकार की ओर से शहरी अवस्थापना सुविधाओं को बेहतर बनाने के लिए भेजे गए प्रस्ताव पर केंद्र की मंजूरी मिली है। केंद्रीय आवास एवं शहरी कार्य तथा विद्युत मंत्री मनोहर लाल ने मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी को परियोजनाओं की स्वीकृति की जानकारी दी।

मुख्यमंत्री धामी ने इसके लिए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और केंद्रीय मंत्री मनोहर लाल का आभार जताया। उन्होंने कहा कि परियोजनाओं के पूरा होने से जसपुर में सीवरेज प्रबंधन को मजबूती मिलेगी और शहरी सुविधाओं के विकास को गति मिलेगी।

स्वच्छता और पर्यावरण को मिलेगा लाभ

सरकार के अनुसार सीवरेज और प्रयुक्त जल प्रबंधन जैसी बुनियादी सुविधाओं के विस्तार से शहर में स्वच्छता व्यवस्था बेहतर होगी। साथ ही, इससे पर्यावरण संरक्षण और नागरिक सुविधाओं को भी मजबूती मिलने की उम्मीद है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि अमृत-यू 2.0 के तहत मिली यह स्वीकृति जसपुर के साथ-साथ राज्य के अन्य शहरी क्षेत्रों में आधारभूत ढांचे को मजबूत करने की दिशा में भी महत्वपूर्ण है।

(Visited 14 times, 1 visits today)