प्रदेश के 12 बंद पड़े ITI फिर होंगे शुरू, नए सत्र से युवाओं को मिलेगा तकनीकी प्रशिक्षण का मौका

 

 

 

TMP: उत्तराखंड में कौशल विकास और रोजगारपरक शिक्षा को बढ़ावा देने के लिए सरकार ने बड़ा फैसला लिया है। प्रदेश के लंबे समय से असंचालित 12 राजकीय औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थानों (ITI) को आगामी शैक्षिक सत्र से दोबारा शुरू किया जाएगा। शासन ने इसके लिए संबंधित अधिकारियों को सभी जरूरी औपचारिकताएं समयबद्ध तरीके से पूरी करने के निर्देश दिए हैं।

इन संस्थानों के शुरू होने से पहाड़ी और ग्रामीण क्षेत्रों के युवाओं को तकनीकी एवं व्यावसायिक प्रशिक्षण के लिए दूर-दराज के शहरों का रुख नहीं करना पड़ेगा। स्थानीय स्तर पर प्रशिक्षण मिलने से युवाओं के लिए रोजगार और स्वरोजगार के नए रास्ते खुलने की उम्मीद है।

इन 9 जिलों में शुरू होंगे 12 ITI

शासन के निर्णय के अनुसार पिथौरागढ़ जिले के थल और बढ़ावे, पौड़ी गढ़वाल के द्वारीखाल और परसुंडाखाल, चमोली के देवाल और घाट, चंपावत के बाराकोट, हरिद्वार के लालढांग, देहरादून के लाखामंडल, बागेश्वर के गरुड़, टिहरी गढ़वाल के रणाकोट और ऊधमसिंह नगर के किच्छा में राजकीय ITI संचालित किए जाएंगे।

इस संबंध में सचिव कौशल विकास एवं सेवायोजन सी. रविशंकर ने प्रशिक्षण एवं सेवायोजन निदेशालय को निर्देश जारी किए हैं। उन्होंने संस्थानों के संचालन से जुड़ी व्यवस्थाओं और औपचारिकताओं को निर्धारित समयसीमा में पूरा करने को कहा है।

सरकार का मानना है कि इन संस्थानों के दोबारा शुरू होने से स्थानीय युवाओं को अपने क्षेत्र में ही तकनीकी शिक्षा हासिल करने का अवसर मिलेगा। इससे कौशल विकास के साथ रोजगार की संभावनाओं को भी मजबूती मिलेगी।

(Visited 4 times, 4 visits today)