इंस्टाग्राम पर दोस्ती, फिर ब्लैकमेल का आरोप; 24 घंटे में बिजनौर से दबोचा गया आरोपी

 

 

 

हरिद्वार: कनखल में नाबालिग से जुड़े दुष्कर्म और ब्लैकमेलिंग के मामले में पुलिस ने तेजी से कार्रवाई करते हुए आरोपी को 24 घंटे के भीतर उत्तर प्रदेश के बिजनौर से गिरफ्तार कर लिया। पुलिस के अनुसार आरोपी ने इंस्टाग्राम के जरिए किशोरी से संपर्क किया था।

16 सितंबर को किशोरी की मां ने कनखल थाने पहुंचकर शिकायत दी। शिकायत के मुताबिक, बिजनौर निवासी अजय ने इंस्टाग्राम पर नाबालिग से दोस्ती की और उससे मिलने के लिए दबाव बनाया। आरोप है कि इसी दौरान वह घर पहुंचा और किशोरी के साथ दुष्कर्म किया।

पुलिस के मुताबिक, घटना के बाद आरोपी ने कथित तौर पर किशोरी के फोटो और वीडियो बना लिए। इन्हीं के जरिए उसे ब्लैकमेल करने और घटना किसी को बताने पर जान से मारने की धमकी देने का आरोप है।

शिकायत मिलते ही बिजनौर पहुंची पुलिस

मामले में एसएसपी हरिद्वार के निर्देश पर पुलिस टीम गठित की गई। जांच के दौरान आरोपी के बिजनौर में होने की जानकारी मिलने पर टीम ने रात में रेहड़ थाना क्षेत्र के ग्राम नारायणवाला में दबिश दी और उसे गिरफ्तार कर लिया।

पुलिस ने आरोपी की पहचान अजय उर्फ गोलू पुत्र बीरेन्द्र कुमार के रूप में की है। उसके खिलाफ बीएनएस की संबंधित धाराओं और पॉक्सो अधिनियम के तहत मुकदमा दर्ज किया गया है। आरोपी को न्यायालय में पेश करने की कार्रवाई की जा रही है।

 

(Visited 23 times, 23 visits today)