टनकपुर: उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने शनिवार को ‘बाल संवाद’ कार्यक्रम के माध्यम से चम्पावत जनपद के विभिन्न विद्यालयों के छात्र-छात्राओं से सीधे संवाद किया। वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के जरिए आयोजित इस संवाद में मुख्यमंत्री ने विद्यार्थियों से खेलों में उनकी भागीदारी, आवश्यक संसाधनों और प्रशिक्षण से जुड़ी जरूरतों पर विस्तार से चर्चा की।
मुख्यमंत्री ने रा.इ.का. चम्पावत के गौरव, रा.इ.का. पाटी की प्रीति, रा.बा.इ.का. टनकपुर की कंचन, रा.इ.का. चौमेल के सागर और रा.बा.इ.का. चम्पावत की मोनिका से सीधे संवाद करते हुए जाना कि “मुख्यमंत्री उदीयमान खिलाड़ी प्रोत्साहन योजना” का उन्हें किस प्रकार लाभ मिल रहा है। विद्यार्थियों ने बताया कि इस योजना से उन्हें बेहतर संसाधन और प्रशिक्षण मिलने से उनका आत्मविश्वास और प्रदर्शन दोनों बढ़ा है।
मुख्यमंत्री धामी ने युवाओं को प्रेरित करते हुए कहा, “उत्तराखंड अब केवल देवभूमि नहीं रहा, यह खेलभूमि भी बन रहा है। पढ़ाई के साथ खेलों में भी आगे बढ़ना जरूरी है, क्योंकि अनुशासन, समय प्रबंधन और कठिन परिश्रम जीवन के हर क्षेत्र में सफलता की कुंजी हैं।”
सीएम ने राज्य सरकार की खेल नीति और विभिन्न योजनाओं को युवाओं के सर्वांगीण विकास का आधार बताया। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार खेल प्रतिभाओं को बेहतर मंच देने और खेल संस्कृति को विद्यालय स्तर से ही सशक्त बनाने के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है।
बाल संवाद कार्यक्रम में चम्पावत, पाटी, चौमेल, टनकपुर और चमदेवल के सैकड़ों छात्र-छात्राएं और शिक्षक ऑनलाइन एवं ऑफलाइन माध्यम से जुड़े। कार्यक्रम ने न केवल विद्यार्थियों को मंच दिया, बल्कि यह संदेश भी दिया कि उत्तराखंड का भविष्य खेल और शिक्षा दोनों में उज्ज्वल है।
