सुबोध उनियाल का किया बचाव, CM बोले—उत्तराखंड में कलाकारों का सम्मान सर्वोपरि; बातचीत से दूर होंगी गलतफहमियां
देहरादून: गायक दलेर मेहंदी को लेकर उठे विवाद के बीच मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने मामले को सुलझाने की पहल की है। मुख्यमंत्री ने शाम को गायक मीका सिंह से फोन पर बातचीत कर विवाद के संबंध में चर्चा की। उन्होंने कहा कि किसी भी तरह की गलतफहमी या मतभेद को आपसी संवाद और सौहार्दपूर्ण माहौल में दूर किया जाना चाहिए।
इससे पहले मुख्यमंत्री ने कैबिनेट मंत्री सुबोध उनियाल का बचाव करते हुए कहा कि दलेर मेहंदी के स्वास्थ्य के बारे में जानकारी मिलने के बाद मंत्री अपना पक्ष रख चुके हैं। मुख्यमंत्री ने कहा कि वह खुद दलेर मेहंदी और मीका सिंह से बात करेंगे।
‘उत्तराखंड में कलाकारों का सम्मान सर्वोपरि’
मुख्यमंत्री धामी ने कहा कि उत्तराखंड हमेशा से ‘अतिथि देवो भव’ की भावना के साथ आगे बढ़ा है। देवभूमि में देश और दुनिया के सभी कलाकारों का स्वागत और सम्मान किया जाता है। उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार कला, संस्कृति और कलाकारों के सम्मान के लिए प्रतिबद्ध है।

मीका सिंह ने भाई के समर्थन में उठाए सवाल
विवाद के बीच मीका सिंह ने अपने बड़े भाई दलेर मेहंदी का समर्थन करते हुए सवाल उठाया था कि क्या किसी ने कभी उन्हें शराब का गिलास पकड़े देखा है या उनकी जन्मदिन की पार्टियों में शराब परोसे जाते देखी है? मीका ने कहा कि वह अपने बड़े भाई की बात कर रहे हैं और दलेर मेहंदी के बारे में इस तरह की बातें नहीं की जानी चाहिए।
उन्होंने यह भी कहा कि यदि दलेर मेहंदी उस समय ठीक से गा नहीं पा रहे थे, तो इसकी वजह उनकी तबीयत खराब होना भी हो सकती है।
कई कलाकारों ने जताई नाराजगी
मंच पर दलेर मेहंदी के लड़खड़ाने और लिप-सिंक के आरोपों के बाद कैबिनेट मंत्री सुबोध उनियाल की टिप्पणी को लेकर विवाद बढ़ा। इसके बाद मीका सिंह के साथ रैपर बादशाह, कॉमेडियन कपिल शर्मा और अभिनेत्री शिल्पा शेट्टी सहित कई कलाकारों ने दलेर मेहंदी के समर्थन में प्रतिक्रिया दी। इन कलाकारों ने एक वरिष्ठ कलाकार के साथ हुए व्यवहार पर नाराजगी जताई। अब मुख्यमंत्री धामी की मीका सिंह से बातचीत के बाद विवाद को संवाद के जरिए सुलझाने की कोशिश सामने आई है।

