पूर्व CM हरीश रावत के पूर्व OSD-PA के ठिकानों पर ED की रेड, 32 लाख कैश, सोना और 12 लग्जरी घड़ियां बरामद

 

 

 

देहरादून: उत्तराखंड की सियासत से जुड़े लोगों के ठिकानों पर प्रवर्तन निदेशालय (ED) की कार्रवाई से हलचल बढ़ गई है। पूर्व मुख्यमंत्री हरीश रावत के पूर्व OSD और PA रहे चंदन सिंह जीना के आवास समेत देहरादून में कई ठिकानों पर ED ने तलाशी ली। कार्रवाई के दौरान करीब 32 लाख रुपये नकद, सोना और 12 लग्जरी घड़ियां बरामद किए जाने की जानकारी सामने आई है।

धन शोधन निवारण अधिनियम (PMLA), 2002 के तहत की गई इस कार्रवाई को UKSSSC की VPDO परीक्षा-2016 में कथित अनियमितताओं से जुड़े मनी लॉन्ड्रिंग मामले की जांच से जोड़कर देखा जा रहा है।

पूर्व OSD-PA के घर भी पहुंची ED टीम

ED के देहरादून स्थित सब-जोनल कार्यालय की टीम ने चंदन सिंह जीना के आवास के साथ परीक्षा मामले से जुड़े तत्कालीन UKSSSC अधिकारियों, परीक्षा नियंत्रक, OMR शीट प्रोसेसिंग से जुड़ी निजी कंप्यूटर एजेंसी के संचालक और कथित बिचौलियों के परिसरों को भी खंगाला।

चंदन सिंह जीना वर्ष 2014 से 2017 तक तत्कालीन मुख्यमंत्री हरीश रावत के कार्यकाल में OSD और PA के रूप में कार्य कर चुके हैं। वर्तमान में भी वह पूर्व मुख्यमंत्री के निजी सहायक के तौर पर कार्यरत बताए गए हैं।

कैश-गोल्ड और महंगी घड़ियों पर जांच

तलाशी के दौरान सामने आई करीब 32 लाख रुपये की नकदी, सोने और 12 लग्जरी घड़ियों को लेकर अब ED इनके स्रोत और कथित मनी लॉन्ड्रिंग मामले से संबंधों की जांच करेगी। एजेंसी आर्थिक लेन-देन और संपत्तियों से जुड़े पहलुओं को भी खंगाल रही है।

ED की जांच देहरादून विजिलेंस थाने में दर्ज FIR और इससे जुड़े अन्य मामलों के आधार पर आगे बढ़ रही है। हालांकि, बरामद सामग्री का मामले से वास्तविक संबंध क्या है, यह जांच पूरी होने के बाद ही स्पष्ट होगा।

VPDO-2016 परीक्षा अनियमितता बनी जांच का आधार

VPDO परीक्षा-2016 में कथित अनियमितताओं को लेकर दर्ज मामलों में परीक्षा प्रक्रिया, OMR शीट की प्रोसेसिंग और उससे जुड़े लोगों की भूमिका पहले से जांच के दायरे में रही है। ED अब इसी मामले में कथित तौर पर अर्जित धन और उसके इस्तेमाल से जुड़े वित्तीय पहलुओं की पड़ताल कर रही है।

फिलहाल ED की कार्रवाई के बाद बरामद नकदी, सोना और लग्जरी घड़ियों का स्रोत तथा उनका परीक्षा मामले से कथित कनेक्शन जांच का अहम बिंदु बना हुआ है।

(Visited 15 times, 1 visits today)