छात्रों के सुझावों पर सरकार का फोकस, 10वीं-12वीं के विद्यार्थियों को टैब के लिए DBT

 

 

 

देहरादून: उत्तराखंड के भविष्य को लेकर स्कूली विद्यार्थियों की सोच अब सरकारी योजनाओं का हिस्सा बन सकती है। ‘मुख्यमंत्री युवा विद्यार्थी मंथन’ में प्रदेशभर से सामने आए 2 लाख 67 हजार 744 विद्यार्थियों के विचारों के बाद मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कहा कि उपयोगी सुझावों को नीति-निर्माण और सरकारी योजनाओं से जोड़ने का प्रयास किया जाएगा।

मुख्यमंत्री कैंप कार्यालय स्थित मुख्य सेवक सदन में आयोजित कार्यक्रम में 140 चयनित विद्यार्थियों के साथ मुख्यमंत्री ने सीधे संवाद किया। इस दौरान छात्रों ने शिक्षा से लेकर रोजगार, पलायन, पर्यटन, पर्यावरण और तकनीक तक राज्य के विकास से जुड़े सुझाव रखे।

10वीं-12वीं के छात्रों को टैब के लिए DBT

कार्यक्रम में मुख्यमंत्री ने राजकीय विद्यालयों के कक्षा 10वीं और 12वीं के विद्यार्थियों के लिए टैब उपलब्ध कराने की घोषणा की। विद्यार्थियों के बैंक खातों में DBT के माध्यम से धनराशि भेजी जाएगी।

मुख्यमंत्री ने कहा कि बदलती तकनीक के दौर में छात्रों को डिजिटल संसाधनों और आधुनिक शिक्षा से जोड़ना जरूरी है।

छात्रों ने बताए गांव से ग्लोबल तक के समाधान

मंथन के दौरान विद्यार्थियों ने स्थानीय समस्याओं के साथ उनके संभावित समाधान भी सुझाए। उत्तरकाशी के अनमोल प्रमार ने गांव-गांव तक स्वरोजगार योजनाओं की जानकारी पहुंचाने और स्कूलों में करियर काउंसलिंग बढ़ाने की बात कही।

रुद्रपुर की वैष्णवी ने वरिष्ठ नागरिकों के अनुभवों को संरक्षित करने के लिए ‘नॉलेज बैंक’ का सुझाव दिया। कालसी की कसिस ने औषधीय पौधों को वैश्विक बाजार से जोड़ने की संभावना बताई। वहीं अल्मोड़ा के भरत ने पर्यटन क्षेत्र में दूसरे स्थानों की सफल व्यवस्थाओं का अध्ययन कर उन्हें उत्तराखंड में लागू करने का सुझाव दिया।

AI, रोबोटिक्स और स्टार्टअप पर फोकस

मुख्यमंत्री ने युवाओं को भविष्य की तकनीकों से जोड़ने पर जोर दिया। उन्होंने कहा कि AI, रोबोटिक्स, डिजिटल तकनीक और आधुनिक कौशल के साथ युवाओं को तैयार करना समय की जरूरत है। सरकार युवाओं को नौकरी तलाशने के साथ-साथ रोजगार देने वाला बनने के लिए भी प्रोत्साहित करना चाहती है।

कार्यक्रम में अलग-अलग विषयों पर उत्कृष्ट सुझाव देने वाले विद्यार्थियों को सम्मानित भी किया गया। मुख्यमंत्री ने कहा कि युवाओं की ऊर्जा, नवाचार और नई सोच विकसित उत्तराखंड की दिशा तय करने में अहम भूमिका निभा सकती है।

(Visited 4 times, 4 visits today)