चारधाम यात्रा में उमड़ा आस्था का जनसैलाब, एक दिन में रिकॉर्ड 96 हजार श्रद्धालुओं ने किए दर्शन

 

 

 

 

TMP: चारधाम यात्रा में श्रद्धालुओं की भारी भीड़ लगातार बढ़ रही है। शनिवार को चारों धामों में रिकॉर्ड 96,116 तीर्थयात्रियों ने दर्शन किए। इसके साथ ही यात्रा शुरू होने के बाद से अब तक कुल श्रद्धालुओं की संख्या 20 लाख 76 हजार के पार पहुंच गई है।

उच्च हिमालयी क्षेत्रों में संचालित यात्रा को देखते हुए प्रशासन और आपदा प्रबंधन विभाग को अलर्ट मोड पर रखा गया है। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने अधिकारियों को निर्देश दिए हैं कि मौसम प्रतिकूल होने की स्थिति में श्रद्धालुओं की सुरक्षा और सुविधाओं का विशेष ध्यान रखा जाए।

35 दिनों में 20 लाख से अधिक श्रद्धालुओं ने किए दर्शन

चारधाम यात्रा का शुभारंभ 19 अप्रैल से हुआ था। 23 मई तक यानी 35 दिनों में कुल 20,76,553 श्रद्धालु चारों धामों के दर्शन कर चुके हैं।

इनमें

  • केदारनाथ में 8,11,923 श्रद्धालु
  • बद्रीनाथ में 5,56,437 श्रद्धालु
  • गंगोत्री में 3,52,162 श्रद्धालु
  • यमुनोत्री में 3,56,031 श्रद्धालु दर्शन कर चुके हैं।

शनिवार को एक दिन में बद्रीनाथ धाम में सर्वाधिक 32,219 श्रद्धालु पहुंचे। वहीं केदारनाथ में 29,787, यमुनोत्री में 16,213 और गंगोत्री धाम में 17,897 श्रद्धालुओं ने दर्शन किए।

हेमकुंट साहिब के कपाट खुले, पहले दिन पहुंचे 6605 श्रद्धालु

विश्व प्रसिद्ध तीर्थस्थल हेमकुंट साहिब के कपाट भी शनिवार को श्रद्धालुओं के लिए खोल दिए गए। पहले दिन 6,605 श्रद्धालुओं ने पवित्र गुरुद्वारे में मत्था टेका।

पंच प्यारों की अगुवाई में सिख श्रद्धालुओं का पहला जत्था सुबह रवाना होकर हेमकुंट साहिब पहुंचा। “बोले सो निहाल, सत श्री अकाल” के जयकारों से पूरी लोकपाल घाटी भक्तिमय माहौल में गूंज उठी।

(Visited 719 times, 3 visits today)