झांसी से गिरफ्तार हुए मंत्री रेखा आर्या  के पति गिरधारी लाल साहू, भतीजा सतेंद्र राठौर भी पुलिस की गिरफ्त में

 

 

  • मंत्री रेखा आर्या से जुड़े कंपनी धोखाधड़ी और जालसाजी मामले में दोनों थे फरार
  • साहू के खिलाफ करीब 50 मुकदमे दर्ज होने की जानकारी

TMP: कैबिनेट मंत्री रेखा आर्या से जुड़े कंपनी विवाद और कथित जालसाजी के मामले में फरार चल रहे उनके पति गिरधारी लाल साहू को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। साहू के साथ उनके भतीजे सतेंद्र राठौर को भी हिरासत में लिया गया है। पुलिस के मुताबिक, दोनों को उत्तर प्रदेश के झांसी से पकड़ा गया है।

इस मामले में मंत्री रेखा आर्या ने बीते 15 अक्टूबर को देहरादून के कैंट थाने में अपने पति के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कराई थी। शिकायत में आरोप लगाया गया था कि गिरधारी लाल साहू ने पहले से शादीशुदा होने की बात छिपाकर उनसे विवाह किया और बाद में उन्हें लगातार प्रताड़ित किया।

प्राथमिकी में कंपनियों से जुड़े दस्तावेजों में धोखाधड़ी का आरोप भी लगाया गया है। शिकायत के अनुसार, साहू ने कथित तौर पर जाली हस्ताक्षर के जरिए रेखा आर्या को चार कंपनियों में निदेशक पद से हटवा दिया था।

मामले की जांच के लिए एसपी देहात जया बलोनी के नेतृत्व में विशेष जांच दल (एसआईटी) गठित किया गया था। जांच के दौरान एसआईटी ने साहू के करीबियों से पूछताछ की और उसके आपराधिक रिकॉर्ड की जानकारी जुटाई। पुलिस के अनुसार, उत्तर प्रदेश के बरेली समेत विभिन्न स्थानों पर साहू के खिलाफ करीब 50 मुकदमे दर्ज हैं।

गिरफ्तारी से बचने के लिए साहू की तलाश में एसआईटी ने कई दिनों तक उसके संभावित ठिकानों पर दबिश दी। इस दौरान उसके नेपाल भागने की चर्चाएं भी सामने आईं, जिसके बाद पुलिस ने नेपाली एजेंसियों से संपर्क किया। हालांकि, आखिरकार पुलिस ने उसे झांसी से गिरफ्तार कर लिया।

गिरफ्तारी के बाद अब पुलिस दोनों आरोपियों से मामले में आगे की पूछताछ और कानूनी कार्रवाई कर रही है।

(Visited 1 times, 1 visits today)