Site icon The Mountain People

उत्तराखंड के सड़क हादसों पर PM मोदी, CM धामी और राहुल गांधी ने जताया दुख, घायलों के उपचार के निर्देश

 

 

 

देहरादून:  उत्तराखंड में मंगलवार सुबह हुए सड़क हादसों ने कई परिवारों को गहरे सदमे में डाल दिया। टिहरी गढ़वाल के गूलर, रुद्रप्रयाग के ऊखीमठ क्षेत्र और दोगी पट्टी के बांसकाटल में हुई दुर्घटनाओं में लोगों की मौत और कई के घायल होने की खबर पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी और कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने शोक व्यक्त किया है। तीनों नेताओं ने मृतकों के परिजनों के प्रति संवेदना जताते हुए घायलों के शीघ्र स्वस्थ होने की कामना की।

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने इन दुर्घटनाओं में हुई जनहानि पर गहरा दुख जताया। उन्होंने शोकाकुल परिवारों के प्रति संवेदना व्यक्त करते हुए दिवंगत आत्माओं की शांति और परिजनों को इस कठिन समय में दुख सहने की शक्ति देने की प्रार्थना की। मुख्यमंत्री ने संबंधित अधिकारियों को घायलों का बेहतर उपचार सुनिश्चित करने और प्रभावित परिवारों को हरसंभव सहायता उपलब्ध कराने के निर्देश भी दिए।

हरिद्वार से जोशीमठ जा रही थी बस

गूलर घाटी में हुए बस हादसे को लेकर मुख्यमंत्री ने बताया कि बस हरिद्वार से जोशीमठ की ओर जा रही थी, तभी दुर्घटनाग्रस्त हो गई। उन्होंने घटना को बेहद दुखद बताते हुए मृतकों के परिजनों के प्रति संवेदना जताई। मुख्यमंत्री के अनुसार, सभी घायलों को एम्स ऋषिकेश और अन्य चिकित्सा केंद्रों में भर्ती कराया गया है। हादसे के कारणों का पता लगाने के लिए जांच के निर्देश दिए गए हैं। उन्होंने प्रभावितों को हरसंभव मदद का भरोसा भी दिलाया।

वहीं, कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने टिहरी गढ़वाल और बांसवाड़ा-मोहनखाल मार्ग पर हुए सड़क हादसों में लोगों की मौत और कई अन्य के घायल होने पर दुख व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि इस कठिन समय में उनकी संवेदनाएं शोकाकुल परिवारों के साथ हैं। साथ ही उन्होंने घायलों के जल्द स्वस्थ होने की कामना की।

Exit mobile version