Site icon The Mountain People

धारी देवी मंदिर के पास बनेगी दो मंजिला पार्किंग, 100 वाहनों को मिलेगी जगह

 

 

 

पौड़ी:  मां धारी देवी मंदिर पहुंचने वाले श्रद्धालुओं को जल्द ही पार्किंग की समस्या से राहत मिल सकती है। मंदिर के समीप करीब 100 वाहनों की क्षमता वाली आधुनिक दो मंजिला पार्किंग बनाने की योजना पर शासन स्तर पर कार्यवाही आगे बढ़ रही है। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी की घोषणा के तहत प्रस्तावित इस परियोजना के लिए 0.14 हेक्टेयर भूमि चिह्नित कर उसका भू-सर्वेक्षण भी पूरा कर लिया गया है।

श्रीनगर स्थित मां धारी देवी मंदिर में सालभर श्रद्धालुओं का आवागमन रहता है। चारधाम यात्रा और विशेष धार्मिक अवसरों पर यहां वाहनों की संख्या बढ़ने से पार्किंग और यातायात व्यवस्था पर दबाव रहता है। ऐसे में प्रस्तावित पार्किंग के निर्माण से मंदिर आने वाले श्रद्धालुओं को अपने वाहन खड़े करने के लिए व्यवस्थित स्थान उपलब्ध हो सकेगा।

परियोजना के लिए ग्राम कलियासौड़, पट्टी चलणल्यूं, तहसील श्रीनगर में ऋषिकेश-बदरीनाथ राष्ट्रीय राजमार्ग के किनारे जमीन चिह्नित की गई है। करीब 20 मीटर चौड़े और 70 मीटर लंबे क्षेत्र में दो मंजिला पार्किंग विकसित करने का प्रस्ताव है। इसमें लगभग 100 ईसीएस यानी कार पार्किंग के बराबर क्षमता निर्धारित की गई है।

सचिव आवास एवं राज्य संपत्ति डॉ. आर. राजेश कुमार के निर्देशन में परियोजना से जुड़ी प्रशासनिक और तकनीकी प्रक्रियाएं आगे बढ़ाई जा रही हैं। जिला स्तरीय विकास प्राधिकरण पौड़ी की ओर से चिह्नित भूमि का जीआईएस सर्वे कराया गया है, जिसमें निर्धारित शर्तों के साथ भूमि को पार्किंग निर्माण के लिए उपयुक्त पाया गया।

भूमि हस्तांतरण के बाद तैयार होगा डिजाइन

पार्किंग निर्माण की राह में फिलहाल भूमि हस्तांतरण और संबंधित औपचारिकताएं पूरी करना जरूरी है। चिह्नित जमीन श्रीनगर जल विद्युत परियोजना के नाम दर्ज है और इसका प्रबंधन अलकनंदा हाइड्रो पावर कंपनी लिमिटेड के पास है। भूमि हस्तांतरण के लिए कंपनी से अनापत्ति प्रमाण पत्र (एनओसी) लिया जाना है। इसके बाद जमीन जिला स्तरीय विकास प्राधिकरण पौड़ी को हस्तांतरित करने की प्रक्रिया पूरी की जाएगी।

वहीं, निर्माण के लिए कार्यदायी संस्था नामित करने का प्रस्ताव शासन को भेजा गया है। संस्था के चयन के बाद पार्किंग का आर्किटेक्चरल डिजाइन तैयार होगा। इसके साथ ही मान्यता प्राप्त स्ट्रक्चरल इंजीनियर से तकनीकी डिजाइन बनवाया जाएगा, ताकि निर्माण में सुरक्षा और निर्धारित मानकों का पालन सुनिश्चित किया जा सके।

प्रस्तावित पार्किंग तैयार होने से मंदिर परिसर के आसपास सड़क किनारे होने वाली अनियोजित पार्किंग को कम करने में मदद मिलने की उम्मीद है। इससे यातायात व्यवस्था सुचारु बनाने के साथ ही धारी देवी मंदिर आने वाले श्रद्धालुओं की यात्रा को अधिक सुविधाजनक बनाने में भी मदद मिलेगी।

Exit mobile version