Site icon The Mountain People

बदरीनाथ धाम में शीतकालीन कपाट बंदी की शुरुआत, पंच पूजाओं के पहले दिन गणेश मंदिर के कपाट बंद

 

 

 

 

TMP: बदरीनाथ धाम में शीतकालीन कपाट बंद होने से पहले धार्मिक अनुष्ठानों का सिलसिला शुरू हो गया है। बृहस्पतिवार को पंच पूजाओं के पहले दिन वैदिक मंत्रोच्चार और पारंपरिक विधि-विधान के साथ गणेश मंदिर के कपाट बंद कर दिए गए। इसी के साथ बदरीनाथ धाम में कपाट बंदी की धार्मिक प्रक्रिया ने पहला पड़ाव पूरा कर लिया।

पहले दिन सुबह अभिषेक पूजा से पूर्व भगवान गणेश की मूर्ति को मंदिर प्रांगण से उठाकर बदरीनाथ मंदिर के गर्भगृह में स्थापित किया गया। इसके बाद श्रद्धालुओं ने भगवान बदरीविशाल के साथ भगवान गणेश के दर्शन भी किए।

पूजा-अर्चना की जिम्मेदारी बदरीनाथ के रावल अमरनाथ नंबूदरी, नायब रावल सूर्यराग नंबूदरी, धर्माधिकारी आचार्य स्वयंवर सेमवाल सहित अन्य आचार्यों ने निभाई। दिनभर चली धार्मिक प्रक्रियाओं के संपन्न होने के बाद देर शाम गणेश मंदिर के कपाट शीतकाल के लिए बंद कर दिए गए।

16 नवंबर को बंद होंगे बदरीनाथ धाम के कपाट

बदरीनाथ धाम के कपाट 16 नवंबर को रात 9 बजकर 37 मिनट पर शीतकाल के लिए बंद किए जाएंगे। इससे पहले पंच पूजाओं के तहत निर्धारित धार्मिक परंपराओं का क्रमवार निर्वहन किया जाएगा।

बदरी-केदार मंदिर समिति के मीडिया प्रभारी डॉ. हरीश गौड़ ने बताया कि पंच पूजा के पहले दिन गणेश मंदिर के कपाट बंद करने की प्रक्रिया संपन्न हुई।

इस अवसर पर बीकेटीसी अध्यक्ष हेमंत द्विवेदी ने देश-विदेश के श्रद्धालुओं को शुभकामनाएं दीं। समिति के उपाध्यक्ष ऋषि प्रसाद सती और विजय कपरवाण ने भी कपाट बंदी की प्रक्रिया शुरू होने पर श्रद्धालुओं को बधाई दी।

Exit mobile version