देहरादून: शारदीय नवरात्रि की महानवमी पर मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने मुख्यमंत्री आवास में धार्मिक अनुष्ठान किया। मंगलवार को विधि-विधान से हवन और पूजा-अर्चना के बाद उन्होंने नौ कन्याओं का पूजन किया और मां दुर्गा के नौ स्वरूपों के प्रतीक स्वरूप कन्याओं का आशीर्वाद प्राप्त किया।
इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने मां भगवती से उत्तराखंड की निरंतर प्रगति और प्रदेशवासियों के जीवन में सुख, शांति, समृद्धि व खुशहाली बनाए रखने की प्रार्थना की।
मुख्यमंत्री ने महानवमी की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि नवरात्रि भारतीय संस्कृति में मातृशक्ति की आराधना का विशेष पर्व है। कन्या पूजन के माध्यम से महिलाओं और बेटियों के प्रति श्रद्धा, सम्मान और आदर का भाव प्रकट होता है।
उन्होंने कामना की कि मां दुर्गा की कृपा सभी पर बनी रहे और प्रदेश में सुख-समृद्धि तथा खुशहाली का वातावरण कायम रहे।

