Site icon The Mountain People

चम्पावत को ₹96 करोड़ की विकास योजनाओं की सौगात, सीएम धामी ने किया सर्किट हाउस का लोकार्पण

 

 

 

चम्पावत: मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने रविवार को चम्पावत में विकास योजनाओं को गति देते हुए करीब 96 करोड़ रुपये की 16 योजनाओं का लोकार्पण और शिलान्यास किया। इस दौरान उन्होंने नवनिर्मित सर्किट हाउस और 1.37 करोड़ रुपये की लागत से बने देवभूमि रजत जयंती पार्क का भी लोकार्पण किया। कार्यक्रम में केंद्रीय राज्य मंत्री अजय टम्टा मौजूद रहे।

मुख्यमंत्री ने कुल 95 करोड़ 99 लाख 98 हजार रुपये की योजनाओं की सौगात दी। इनमें 67 करोड़ 24 लाख 36 हजार रुपये की 11 योजनाओं का लोकार्पण और 28 करोड़ 75 लाख 62 हजार रुपये की पांच योजनाओं का शिलान्यास शामिल है।

25 से 50 साल की जरूरतों को ध्यान में रखकर विकास का दावा

मुख्यमंत्री ने कहा कि चम्पावत को आदर्श जनपद के रूप में विकसित करना सरकार का लक्ष्य है। इसके लिए अगले 25 से 50 वर्षों की जरूरतों और चुनौतियों को ध्यान में रखकर योजनाएं बनाई जा रही हैं। उन्होंने सड़क, परिवहन, पार्किंग, पेयजल, स्वास्थ्य और शिक्षा जैसी बुनियादी सुविधाओं को मजबूत करने पर जोर दिया।

धामी ने बताया कि कैलाश मानसरोवर यात्रा मार्ग सहित विभिन्न सड़कों को सुगम बनाने के प्रयास किए जा रहे हैं। बाईपास, बहुमंजिला पार्किंग और शॉपिंग कॉम्प्लेक्स जैसी परियोजनाओं पर भी काम हो रहा है। टनकपुर में निर्माणाधीन आईएसबीटी से परिवहन सुविधाओं का विस्तार होने की उम्मीद है।

उन्होंने कहा कि जलभराव की समस्या के स्थायी समाधान के लिए करीब 66 करोड़ रुपये का ड्रेनेज प्लान तैयार किया गया है। इसके अलावा बिजली की लाइनों को भूमिगत करने और दूरस्थ क्षेत्रों में संचार सुविधाएं बढ़ाने पर भी ध्यान दिया जा रहा है।

ग्राम सभाओं को मिलेंगे 10-10 लाख रुपये

कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री ने विकासखंड चम्पावत की प्रत्येक ग्राम सभा को स्थानीय विकास कार्यों के लिए 10 लाख रुपये देने की घोषणा की। इस राशि से गांवों की जरूरत के अनुसार पुस्तकालय, सड़क, आजीविका संवर्धन और आंगनबाड़ी केंद्रों के उन्नयन सहित अन्य जनहितकारी कार्य किए जा सकेंगे।

मुख्यमंत्री ने कहा कि विकास योजनाओं का लाभ समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाना सरकार की प्राथमिकता है। उन्होंने जनप्रतिनिधियों, महिला समूहों, आशा एवं आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं, पूर्व सैनिकों, राज्य आंदोलनकारियों, रोडवेज कर्मचारियों, पशुपालकों और सहकारिता से जुड़े प्रतिनिधियों से संवाद कर उनकी समस्याएं और सुझाव भी सुने।

अधिवक्ताओं के लिए चैंबर, पार्किंग और ई-लाइब्रेरी की घोषणा

मुख्यमंत्री ने जिला बार एसोसिएशन, चम्पावत के शपथ ग्रहण समारोह में भी भाग लिया। उन्होंने नवनिर्वाचित कार्यकारिणी के पदाधिकारियों को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि अधिवक्ता न्याय व्यवस्था के महत्वपूर्ण स्तंभ हैं और नागरिकों के संवैधानिक अधिकारों की रक्षा में उनकी अहम भूमिका है।

इस अवसर पर उन्होंने जिला बार एसोसिएशन में अधिवक्ताओं के लिए चैंबर निर्माण, वाहन पार्किंग और आधुनिक ई-लाइब्रेरी स्थापित करने की घोषणा की। साथ ही जनपद की न्याय पंचायतों में सामुदायिक उपयोग के लिए भवन बनाने की भी घोषणा की।

पर्यटन और रोजगार पर भी सरकार का जोर

मुख्यमंत्री ने कहा कि चम्पावत की प्राकृतिक सुंदरता, सांस्कृतिक विरासत और आध्यात्मिक महत्व को देखते हुए यहां पर्यटन तथा आजीविका के अवसर बढ़ाने की दिशा में काम किया जा रहा है। सरकार का उद्देश्य स्थानीय जरूरतों के अनुरूप विकास कार्यों को आगे बढ़ाना है, ताकि लोगों को बेहतर सुविधाएं मिल सकें और रोजगार के नए अवसर तैयार हों।

कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री ने देवभूमि रजत जयंती पार्क में बच्चों से मुलाकात की और उन्हें चॉकलेट वितरित कीं। चम्पावत पहुंचने पर जिलाधिकारी मनीष कुमार, पुलिस अधीक्षक रेखा यादव और जनप्रतिनिधियों ने उनका स्वागत किया। इस अवसर पर पुलिस बल ने मुख्यमंत्री को गार्ड ऑफ ऑनर भी दिया।

Exit mobile version