Site icon The Mountain People

मौसम सुधरा तो फिर शुरू हुई चारधाम यात्रा, जिलाधिकारियों को स्थानीय हालात के अनुसार फैसला लेने की छूट

 

 

 

 

देहरादून : मौसम में सुधार के बाद उत्तराखंड में चारधाम यात्रा फिर से शुरू कर दी गई है। गढ़वाल आयुक्त आनंद स्वरूप ने बताया कि मौसम की स्थिति सामान्य होने के बाद यात्रा संचालन बहाल किया गया है। इस संबंध में सभी संबंधित जिलाधिकारियों को आवश्यक निर्देश जारी किए गए हैं।

मौसम विज्ञान केंद्र के पूर्वानुमान को देखते हुए श्रद्धालुओं की सुरक्षा के लिए 26 सितंबर की दोपहर से 27 सितंबर तक चारधाम यात्रा स्थगित रखी गई थी। अब मौसम में सुधार के बाद यात्रा को दोबारा संचालित किया जा रहा है।

आयुक्त ने स्पष्ट किया कि यात्रा मार्ग और स्थानीय मौसम की स्थिति को देखते हुए संबंधित जिलाधिकारी अपने-अपने जनपद में आवश्यक निर्णय ले सकते हैं। यदि किसी स्थान पर अत्यधिक बारिश, खराब मौसम या मार्ग बाधित होने की स्थिति बनती है तो जिलाधिकारी अपने स्तर से यात्रा को अस्थायी रूप से रोक सकते हैं।

प्रशासन का कहना है कि चारधाम यात्रा के दौरान यात्रियों की सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता है। मौसम और यात्रा मार्गों की स्थिति पर लगातार निगरानी रखी जा रही है। श्रद्धालुओं से अपील की गई है कि यात्रा पर निकलने से पहले मौसम की जानकारी लें और स्थानीय प्रशासन के दिशा-निर्देशों का पालन करें।

Exit mobile version