Site icon The Mountain People

‘सेवा से संकल्प’ अभियान पर कांग्रेस के आरोपों का भाजपा ने दिया जवाब

photo- newscubic

 

 

 

देहरादून: प्रधानमंत्री के जन्मदिवस के अवसर पर चल रहे ‘सेवा से संकल्प’ अभियान को लेकर कांग्रेस के आरोपों पर भाजपा ने पलटवार किया है। भाजपा प्रदेश मीडिया प्रभारी मनवीर सिंह चौहान ने कहा कि यह अभियान राजनीतिक प्रचार के लिए नहीं, बल्कि सामाजिक सेवा और जनजागरूकता को बढ़ावा देने के उद्देश्य से आयोजित किया जा रहा है।

चौहान ने कहा कि अभियान के तहत स्वच्छता, पर्यावरण संरक्षण, रक्तदान और श्रमदान जैसी गतिविधियां आयोजित की जा रही हैं। उनके अनुसार इन कार्यक्रमों में किसी एक राजनीतिक दल से जुड़े लोगों के अलावा अन्य इच्छुक और जागरूक नागरिक भी हिस्सा ले सकते हैं।

सामाजिक गतिविधियों को राजनीति से जोड़ना उचित नहीं: चौहान

भाजपा नेता ने कांग्रेस के आरोपों पर सवाल उठाते हुए कहा कि शिक्षण संस्थानों में युवाओं की रचनात्मक गतिविधियों में भागीदारी को राजनीतिक प्रचार के तौर पर नहीं देखा जाना चाहिए। उन्होंने कहा कि शिक्षा के साथ सामाजिक और रचनात्मक गतिविधियां युवाओं के सर्वांगीण विकास का हिस्सा हैं।

चौहान ने कहा कि स्वच्छता, पर्यावरण संरक्षण और रक्तदान जैसे सामाजिक कार्यों से संवैधानिक मूल्यों को नुकसान नहीं पहुंचता। उनके मुताबिक समाज में सेवा और जनभागीदारी की भावना को बढ़ावा देने के लिए ऐसे कार्यक्रमों में अधिक से अधिक लोगों की भागीदारी जरूरी है।

उन्होंने कांग्रेस से भी सामाजिक गतिविधियों में भागीदारी बढ़ाने की अपील की। चौहान ने कहा कि समाज और देश के भविष्य को लेकर सकारात्मक माहौल बनाने के लिए राजनीतिक मतभेदों से अलग सामाजिक कार्यों में योगदान दिया जाना चाहिए।

Exit mobile version