देहरादून: मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के जन्मदिन पर बुधवार को मुख्यमंत्री आवास में दिनभर बधाई देने वालों की आवाजाही रही। प्रदेश सरकार के मंत्री, जनप्रतिनिधि, वरिष्ठ अधिकारी और कर्मचारी मुख्यमंत्री से मिलने पहुंचे और पुष्पगुच्छ भेंट कर उन्हें शुभकामनाएं दीं।
मुख्यमंत्री आवास पर सुबह से ही मुलाकातों का सिलसिला शुरू हो गया। शासन और प्रशासन के अधिकारियों-कर्मचारियों के साथ लंबे समय से सरकार के साथ काम कर रहे जनप्रतिनिधियों ने भी मुख्यमंत्री को जन्मदिन की बधाई दी और उनके स्वस्थ एवं दीर्घायु जीवन की कामना की।
इस दौरान सीएम धामी ने सभी का आभार जताते हुए कहा कि साथियों, जनप्रतिनिधियों और अधिकारियों-कर्मचारियों का स्नेह उनके लिए खास मायने रखता है। उन्होंने कहा कि उत्तराखंड के विकास की जिम्मेदारी सामूहिक है और बेहतर परिणाम के लिए सरकार की पूरी टीम का समन्वय जरूरी है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश की जनता की सेवा उनकी सर्वोच्च प्राथमिकता है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के मार्गदर्शन में सरकार उत्तराखंड को विकास के नए आयामों तक ले जाने के लिए काम कर रही है। उन्होंने विकसित उत्तराखंड के लक्ष्य के लिए टीम भावना से आगे बढ़ने की बात कही।

