Site icon The Mountain People

दिव्यांग बच्चों संग सीएम धामी ने मनाया जन्मदिन, बोले- उनकी खुशी सबसे खास उपहार

 

 

 

देहरादून: मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने अपने जन्मदिन पर देहरादून स्थित राष्ट्रीय दृष्टि दिव्यांगजन सशक्तिकरण संस्थान पहुंचकर वहां अध्ययनरत बच्चों के साथ जन्मदिन की खुशियां साझा कीं। मुख्यमंत्री ने बच्चों के बीच केक काटा और काफी समय उनके साथ बिताया।

मुख्यमंत्री ने बच्चों से आत्मीयता से मुलाकात कर बातचीत की और उनका उत्साह बढ़ाया। मुख्यमंत्री को अपने बीच देखकर बच्चे भी उत्साहित नजर आए।

इस दौरान सीएम धामी ने कहा कि बच्चों के बीच बिताया गया समय उन्हें नई ऊर्जा और प्रेरणा देता है। उन्होंने कहा कि हर बच्चे में प्रतिभा और आगे बढ़ने की क्षमता होती है, जरूरत है कि उन्हें अवसर, प्रोत्साहन और भरोसा मिले।

उन्होंने कहा कि दिव्यांगजनों को सशक्त बनाना सिर्फ सरकार की जिम्मेदारी नहीं, बल्कि पूरे समाज का दायित्व है। दृढ़ इच्छाशक्ति, आत्मविश्वास और निरंतर प्रयास से चुनौतियों को पार किया जा सकता है।

मुख्यमंत्री ने बच्चों को अपने लक्ष्य के प्रति विश्वास के साथ आगे बढ़ने के लिए प्रेरित किया और उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की। उन्होंने कहा कि बच्चों का स्नेह और उनके चेहरों की खुशी उनके लिए जन्मदिन का सबसे यादगार उपहार है।

Exit mobile version