Site icon The Mountain People

ईडी की कार्रवाई पर भाजपा का पलटवार, चमोली बोले- भ्रष्टाचार पर एक्शन की टाइमिंग नहीं, कार्रवाई जरूरी

 

 

 

 

देहरादून: पूर्व मुख्यमंत्री हरीश रावत की ओर से इस्तीफे की पेशकश और ईडी की कार्रवाई की टाइमिंग पर उठ रहे सवालों को लेकर भाजपा ने कांग्रेस पर तीखा हमला बोला है। भाजपा प्रदेश प्रवक्ता एवं धर्मपुर विधायक विनोद चमोली ने कहा कि पूर्व मुख्यमंत्री के करीबी रहे व्यक्ति के यहां छापे में कथित तौर पर बड़ी मात्रा में नकदी मिलना कांग्रेस के शासनकाल से जुड़े भ्रष्टाचार के मामलों पर गंभीर सवाल खड़े करता है।

चमोली ने कहा कि भ्रष्टाचार के मामलों में कार्रवाई चुनाव देखकर नहीं होनी चाहिए। जांच में अगर गड़बड़ी सामने आती है तो कानून के तहत कार्रवाई किसी भी समय जारी रहनी चाहिए। उन्होंने आरोप लगाया कि कार्रवाई की टाइमिंग पर सवाल उठाने वाले नेता कहीं न कहीं राजनीतिक लाभ लेने की कोशिश कर रहे हैं।

हरीश रावत की पेशकश को बताया राजनीतिक ड्रामा

विनोद चमोली ने पूर्व मुख्यमंत्री हरीश रावत की इस्तीफे की पेशकश को भी निशाने पर लिया। उन्होंने इसे सहानुभूति हासिल करने और पार्टी नेतृत्व पर दबाव बनाने की राजनीतिक कवायद बताया। चमोली के मुताबिक, रावत लंबे समय से कांग्रेस संगठन में खुद को उपेक्षित महसूस कर रहे हैं और उनकी ताजा प्रतिक्रिया इसी राजनीतिक पृष्ठभूमि का हिस्सा है।

उन्होंने कहा कि कांग्रेस को पहले अपने शासनकाल में हुए भर्ती और अन्य कथित घोटालों का जवाब देना चाहिए। भाजपा का आरोप है कि पिछली सरकारों के दौरान सरकारी भर्तियों में अनियमितताओं और नकल माफिया को बढ़ावा मिला।

भर्ती घोटालों का जिक्र कर कांग्रेस पर हमला

भाजपा नेता ने कहा कि यूकेएसएसएससी से जुड़े पुराने मामलों की जांच आगे बढ़ रही है और जांच के दौरान भ्रष्टाचार की परतें सामने आ रही हैं। उन्होंने दरोगा भर्ती, पटवारी भर्ती, सिडकुल, आयुर्वेदिक, बीडीओ और पशुपालन समेत विभिन्न मामलों का उल्लेख करते हुए कांग्रेस पर निशाना साधा।

चमोली ने कहा कि मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के नेतृत्व में भाजपा सरकार ने भर्ती प्रक्रिया में पारदर्शिता और नकल रोकने के लिए सख्त कदम उठाए हैं। उनके अनुसार, कठोर नकल विरोधी कानून के तहत अब तक 34 हजार से अधिक नियुक्तियां की जा चुकी हैं और भर्ती संबंधी अनियमितताओं में कई आरोपियों पर कार्रवाई हुई है।

‘चुनाव के कारण भ्रष्टाचार की जांच नहीं रोक सकते’

चमोली ने कहा कि अगर किसी भर्ती या घोटाले में युवाओं के भविष्य के साथ खिलवाड़ हुआ है तो दोषियों के खिलाफ कार्रवाई जरूरी है। चुनाव नजदीक होने के कारण जांच या कार्रवाई रोक देना उचित नहीं होगा।

उन्होंने कहा कि भ्रष्टाचार पर कार्रवाई का फैसला राजनीतिक कैलेंडर देखकर नहीं, बल्कि कानून और जांच के आधार पर होना चाहिए। भाजपा नेता ने दावा किया कि प्रदेश की जनता कांग्रेस और भाजपा सरकारों के भ्रष्टाचार के प्रति रवैये में अंतर को समझ रही है।

Exit mobile version