Site icon The Mountain People

किसानों के लिए डिजिटल कवच, सीएम धामी ने लॉन्च किया ‘मनोरमा कृषि रक्षक’ एप

 

 

 

 

देहरादून: मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने शुक्रवार को मुख्यमंत्री कैंप कार्यालय में मनोरमा डबराल जन कल्याण समिति द्वारा विकसित किसान-केंद्रित मोबाइल एप ‘मनोरमा कृषि रक्षक’ का शुभारंभ किया। एप का उद्देश्य किसानों और स्वयं सहायता समूहों को कृषि से जुड़ी जरूरी जानकारी और डिजिटल सेवाएं एक ही प्लेटफॉर्म पर उपलब्ध कराना है।

मुख्यमंत्री ने एप को किसानों और स्वयं सहायता समूहों के लिए उपयोगी पहल बताते हुए समिति को शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा कि तकनीक के प्रभावी इस्तेमाल से किसानों तक मौसम, फसल और बाजार से जुड़ी महत्वपूर्ण जानकारियां आसानी से पहुंचाई जा सकती हैं।

समिति के पदाधिकारियों के अनुसार, एप में रियल टाइम मौसम अपडेट और अलर्ट, फसल-विशिष्ट कृषि सलाह, एआई आधारित फसल रोग पहचान, कृषि एवं बाजार संबंधी जानकारी जैसी सुविधाएं उपलब्ध कराई गई हैं। इसके अलावा परिवहन और लॉजिस्टिक्स से जुड़ी सेवाओं को भी डिजिटल प्लेटफॉर्म से जोड़ने का प्रयास किया गया है।

एप में स्वयं सहायता समूहों और ग्रामीण उद्यमों को बाजार से जोड़ने से संबंधित सुविधाएं भी शामिल हैं। समिति का कहना है कि एप को किसानों की जमीनी जरूरतों को ध्यान में रखकर तैयार किया गया है, ताकि कृषि उत्पादन से लेकर उत्पाद को बाजार तक पहुंचाने की प्रक्रिया में डिजिटल सहयोग मिल सके।

इस पहल के जरिए आधुनिक तकनीक को खेती से जोड़कर किसानों को मौसम की जानकारी से लेकर फसल प्रबंधन और बाजार तक पहुंच के लिए एकीकृत डिजिटल मंच उपलब्ध कराने की दिशा में कदम उठाया गया है।

 
Exit mobile version