Site icon The Mountain People

जन्माष्टमी पर CM धामी की प्रदेशवासियों को शुभकामनाएं, बोले- श्रीकृष्ण का जीवन सत्य और न्याय की प्रेरणा

 

 

 

देहरादून: मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने प्रदेशवासियों को श्रीकृष्ण जन्माष्टमी की हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं दी हैं। उन्होंने भगवान श्रीकृष्ण से प्रदेशवासियों के जीवन में सुख, शांति, समृद्धि और खुशहाली की कामना की।

जन्माष्टमी की पूर्व संध्या पर जारी संदेश में मुख्यमंत्री ने कहा कि भगवान श्रीकृष्ण का संपूर्ण जीवन मानवता को सत्य और न्याय के मार्ग पर चलने की प्रेरणा देता है। उन्होंने कहा कि श्रीकृष्ण मानवता के सच्चे संरक्षक, मार्गदर्शक और जीवन-दर्शन के प्रेरणास्रोत हैं।

मुख्यमंत्री ने कहा कि भगवान श्रीकृष्ण का जीवन प्रेम, त्याग, सेवा, करुणा, सद्भाव और समरसता जैसे मूल्यों को अपनाने की सीख देता है। उन्होंने समाज के वंचित और उपेक्षित वर्गों के प्रति संवेदनशील रहने तथा उनके कल्याण का संदेश भी दिया।

निष्काम कर्म का संदेश आज भी प्रासंगिक

सीएम धामी ने कहा कि श्रीमद्भगवद्गीता में भगवान श्रीकृष्ण द्वारा दिया गया निष्काम कर्म का संदेश आज भी उतना ही प्रासंगिक है। गीता के माध्यम से उन्होंने मानव मात्र को अपने कर्तव्यों का निष्ठा और ईमानदारी से पालन करने तथा परिणाम की चिंता किए बिना कर्म करते रहने का मार्ग दिखाया।

उन्होंने कहा कि गीता में निहित भक्ति, ज्ञान, योग और कर्म का संदेश जीवन में सकारात्मकता, आत्मविश्वास और संतुलन प्रदान करता है।

मुख्यमंत्री ने प्रदेशवासियों से भगवान श्रीकृष्ण के जीवन और शिक्षाओं से प्रेरणा लेकर समाज में प्रेम, भाईचारे और समरसता की भावना को मजबूत करने तथा उत्तराखंड के विकास में सक्रिय भागीदारी निभाने का आह्वान किया।

Exit mobile version