देहरादून: उत्तराखंड राज्य महिला आयोग की ओर से महिलाओं को आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI), साइबर फ्रॉड और बढ़ते साइबर अपराधों के प्रति जागरूक करने के लिए विशेष कार्यक्रम आयोजित किया जा रहा है।
कार्यक्रम 1 सितंबर 2026 को सुबह 10 बजे ऋषिकेश स्थित श्रीदेव सुमन उत्तराखंड विश्वविद्यालय के पंडित ललित मोहन शर्मा परिसर के विवेकानंद सभागार में होगा।
आयोग की सदस्य सचिव उर्वशी चौहान के अनुसार, विशेषज्ञ महिलाओं को डिजिटल सुरक्षा और साइबर अपराध से बचाव के उपाय बताएंगे। इसके साथ ही शिक्षा, रोजगार, उद्यमिता, व्यवसाय और कंटेंट क्रिएशन में AI के इस्तेमाल और संभावनाओं की जानकारी दी जाएगी।
कार्यक्रम में विभिन्न AI टूल्स का लाइव डेमो भी होगा, ताकि प्रतिभागी तकनीक के सुरक्षित और प्रभावी इस्तेमाल को व्यावहारिक रूप से समझ सकें। आयोग ने छात्राओं, महिलाओं और आमजन से कार्यक्रम में अधिक से अधिक संख्या में शामिल होने की अपील की है।