Site icon The Mountain People

धामी सरकार का विकास पर फोकस, ₹53.72 करोड़ की योजनाओं को मंजूरी

 

 

 

देहरादून: मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने प्रदेश में विकास कार्यों को गति देने के लिए विभिन्न योजनाओं और निर्माण कार्यों हेतु ₹53.72 करोड़ की वित्तीय स्वीकृति प्रदान की है। स्वीकृत राशि से सीवरेज व्यवस्था, राजस्व अभिलेखागारों के आधुनिकीकरण, मंदिर सौंदर्यीकरण और सैनिक विश्राम गृह के जीर्णोद्धार जैसे कार्य किए जाएंगे।

नैनीताल के रामनगर शहर में सीवरेज योजना (जोन-1) के तहत मौजूदा 7 एमएलडी सीवेज ट्रीटमेंट प्लांट से जुड़े ट्रंक और शाखा सीवर निर्माण के लिए ₹42.75 करोड़ मंजूर किए गए हैं।

प्रदेश के राजस्व कार्यालयों में स्थित राजस्व अभिलेखागारों के आधुनिकीकरण के लिए ₹10 करोड़ की स्वीकृति दी गई है। वहीं, चमोली के कर्णप्रयाग स्थित रानीगढ़ (देवल) के माँ आदिशक्ति देवराड़ी देवी मंदिर के सौंदर्यीकरण और प्रांगण विस्तार के लिए ₹98.28 लाख के प्रावधान के सापेक्ष पहली किश्त के रूप में ₹58.968 लाख जारी किए गए हैं।

देहरादून स्थित राज्य स्तरीय सैनिक विश्राम गृह के जीर्णोद्धार के लिए स्वीकृत ₹142.89 लाख के सापेक्ष शेष ₹39 लाख की धनराशि भी मंजूर की गई है।

स्वतंत्रता सेनानी के नाम पर होगा राज्य मार्ग

मुख्यमंत्री ने पौड़ी गढ़वाल के लैंसडाउन विधानसभा क्षेत्र के नैनीडांडा विकासखंड में स्व. जगमोहन सिंह नेगी राज्य मार्ग (लक्ष्मणझूला-दुगड्डा-रथुवाड़ाब-धुमाकोट) का नाम स्वतंत्रता संग्राम सेनानी स्व. अवतार सिंह के नाम पर किए जाने के प्रस्ताव को भी मंजूरी दे दी है।

सरकार का कहना है कि इन स्वीकृतियों से संबंधित क्षेत्रों में बुनियादी सुविधाओं को मजबूत करने के साथ विकास कार्यों को तेजी मिलेगी।

 
 
Exit mobile version