Site icon The Mountain People

रक्षाबंधन पर भाजपा महिला मोर्चा ने महेंद्र भट्ट को बांधी राखी, 2027 में जीत का संकल्प

 

 

 

देहरादून: रक्षाबंधन के अवसर पर भाजपा महिला मोर्चा, उत्तराखंड ने प्रदेश अध्यक्ष रुचि भट्ट के नेतृत्व में प्रदेश अध्यक्ष महेंद्र भट्ट के साथ रक्षाबंधन पर्व मनाया। महिला मोर्चा की पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं ने महेंद्र भट्ट को राखी बांधकर उनके स्वस्थ, दीर्घायु और सफल जीवन की कामना की।

इस अवसर पर महिला मोर्चा ने आगामी विधानसभा चुनाव 2027 के लिए शुभकामनाएं देते हुए संगठन को मजबूत करने और भाजपा की विजय के लिए संकल्प लिया। प्रदेश अध्यक्ष रुचि भट्ट ने कहा कि रक्षाबंधन भाई-बहन के प्रेम, विश्वास, जिम्मेदारी और सम्मान का पर्व है। उन्होंने कहा कि भाजपा में महिलाओं की भूमिका संगठन से आगे बढ़कर राष्ट्र निर्माण और समाज के सशक्तिकरण तक है।

रुचि भट्ट ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में महिला सशक्तिकरण को नई दिशा मिली है, जबकि मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के नेतृत्व में उत्तराखंड में महिलाओं, बेटियों और मातृशक्ति के हित में कई महत्वपूर्ण कार्य हुए हैं। महिला मोर्चा की कार्यकर्ता सरकार की योजनाओं और उपलब्धियों को घर-घर पहुंचाने के साथ बूथ स्तर पर संगठन को मजबूत कर रही हैं।

उन्होंने कहा कि प्रदेश की बहनों के आशीर्वाद और शुभकामनाओं से 2027 के विधानसभा चुनाव में भाजपा की प्रचंड जीत निश्चित है। महिला मोर्चा अधिक से अधिक महिलाओं को पार्टी की विचारधारा से जोड़ने के लिए पूरी ताकत से काम करेगा।

भाजपा प्रदेश अध्यक्ष महेंद्र भट्ट ने महिला मोर्चा की बहनों को रक्षाबंधन की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि भाजपा संगठन में महिला शक्ति की भूमिका बेहद महत्वपूर्ण है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में महिलाओं को सम्मान, सुरक्षा, आत्मनिर्भरता और नेतृत्व के नए अवसर मिले हैं। उत्तराखंड में भी मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के नेतृत्व में महिला हितों से जुड़े कई महत्वपूर्ण निर्णय लिए गए हैं।

महेंद्र भट्ट ने कहा कि आगामी विधानसभा चुनाव में महिला कार्यकर्ताओं की भूमिका निर्णायक होगी। उन्होंने कार्यकर्ताओं से सरकार की उपलब्धियों और संगठन की नीतियों को जनता तक पहुंचाने तथा बूथ स्तर पर संगठन को और मजबूत करने का आह्वान किया।

 

Exit mobile version