जरूरी सामान के दाम बढ़ाने वालों पर होगी सख्त कार्रवाई, सीएम धामी ने दिए निगरानी के निर्देश
The Mountain People
देहरादून: मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने प्रदेश में आवश्यक वस्तुओं की कीमतों पर प्रभावी नियंत्रण बनाए रखने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने शासन के वरिष्ठ अधिकारियों से कहा कि आम जनता को जरूरी सामान उचित और नियंत्रित दरों पर उपलब्ध हो, इसके लिए बाजार की नियमित निगरानी सुनिश्चित की जाए।
मुख्यमंत्री ने स्पष्ट निर्देश दिए कि कालाबाजारी, जमाखोरी और मुनाफाखोरी के जरिए कृत्रिम रूप से वस्तुओं के दाम बढ़ाने वालों के खिलाफ नियमानुसार सख्त कार्रवाई की जाए।
बाजार में मांग और आपूर्ति पर रहेगी नजर
मुख्यमंत्री ने खाद्य एवं नागरिक आपूर्ति विभाग सहित संबंधित विभागों को बाजार में आवश्यक वस्तुओं की उपलब्धता और कीमतों की नियमित समीक्षा करने को कहा। उन्होंने निर्देश दिए कि किसी भी स्तर पर कृत्रिम कमी पैदा कर उपभोक्ताओं से निर्धारित या उचित मूल्य से अधिक वसूली न होने पाए।
अधिकारियों को बाजार में मांग और आपूर्ति की स्थिति पर लगातार नजर रखने तथा आवश्यकता के अनुसार समयबद्ध कार्रवाई करने के निर्देश दिए गए हैं।
जिलों में नियमित बाजार निरीक्षण
मुख्यमंत्री ने सभी जिलाधिकारियों और प्रशासनिक अधिकारियों को अपने-अपने क्षेत्रों में नियमित बाजार निरीक्षण करने के निर्देश दिए। निरीक्षण के दौरान आवश्यक वस्तुओं के निर्धारित एवं प्रचलित बाजार मूल्य के साथ-साथ दुकानों और गोदामों में उपलब्ध स्टॉक की भी जांच की जाएगी।
यदि कहीं जमाखोरी, कालाबाजारी, मुनाफाखोरी या निर्धारित मानकों का उल्लंघन पाया जाता है तो संबंधित व्यक्ति या प्रतिष्ठान के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी।
शिकायत मिलने पर तत्काल कार्रवाई
मुख्यमंत्री ने कहा कि आवश्यक वस्तुओं की कीमतों में अनावश्यक वृद्धि का सीधा असर आम लोगों के घरेलू बजट पर पड़ता है। इसलिए मूल्य नियंत्रण की व्यवस्था प्रभावी और पारदर्शी होना जरूरी है।
उन्होंने शासन और जिला प्रशासन को आपसी समन्वय के साथ बाजार की स्थिति पर लगातार नजर रखने तथा अनियमितता की शिकायत मिलते ही तत्काल जांच और कार्रवाई करने के निर्देश दिए।
मुख्यमंत्री ने कहा कि आम जनता के हितों की रक्षा राज्य सरकार की प्राथमिकता है और आवश्यक वस्तुओं की उपलब्धता तथा उचित मूल्य सुनिश्चित करने में किसी भी स्तर पर लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।