SIR पर भाजपा का कांग्रेस पर हमला, महेंद्र भट्ट बोले- शिकायत नहीं, निस्तारण में सहयोग करे कांग्रेस
The Mountain People
देहरादून: विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR) को लेकर भाजपा ने कांग्रेस पर राजनीतिक दिखावे का आरोप लगाया है। भाजपा प्रदेश अध्यक्ष एवं राज्यसभा सांसद महेंद्र भट्ट ने कांग्रेस से आपत्तियों को लेकर केवल शिकायत करने के बजाय उनके निस्तारण में सहयोग करने की अपील की।
भट्ट ने कहा कि त्रुटिरहित मतदाता सूची तैयार करना सभी राजनीतिक दलों और नागरिकों की साझा जिम्मेदारी है। उन्होंने आरोप लगाया कि कांग्रेस SIR प्रक्रिया को लेकर जमीन पर सक्रिय होने के बजाय देहरादून से दिल्ली तक शिकायतों और मुलाकातों के जरिए सुर्खियां बटोरने में लगी है।
उन्होंने कहा कि SIR शुरू होने से पहले बूथ लेवल एजेंटों की नियुक्ति को लेकर कांग्रेस ने जल्दबाजी में नाम भेजे, लेकिन जमीनी स्तर पर उसके कार्यकर्ता सक्रिय नजर नहीं आए। अब अनमैप्ड मतदाताओं और आपत्तियों का आंकड़ा सामने आने के बाद कांग्रेस प्रक्रिया पर सवाल उठा रही है।
भाजपा प्रदेश अध्यक्ष ने आरोप लगाया कि कांग्रेस का SIR को लेकर दोहरा रवैया है। एक ओर वह शुद्ध मतदाता सूची की बात करती है, वहीं दूसरी ओर आपत्तियों और अनमैप्ड मतदाताओं को लेकर सवाल खड़े कर रही है।
उन्होंने कांग्रेस नेताओं से अपील की कि वे भी भाजपा कार्यकर्ताओं की तरह मतदाताओं को जागरूक करें, जरूरी दस्तावेज पूरे कराने में मदद करें और आपत्तियों के निस्तारण की प्रक्रिया में सहयोग दें। उन्होंने कहा कि केवल विरोध और बयानबाजी से संवैधानिक प्रक्रिया प्रभावित नहीं होगी।
भट्ट ने कहा कि मजबूत लोकतंत्र के लिए राजनीतिक दलों को SIR में सक्रिय भूमिका निभानी चाहिए। उन्होंने कांग्रेस से आरोप-प्रत्यारोप के बजाय जमीनी स्तर पर प्रक्रिया को सफल बनाने में सहयोग करने का आग्रह किया।