Site icon The Mountain People

संत समागम में गूंजा ‘एक राष्ट्र-एक चुनाव’ का संदेश, केंद्रीय मंत्री शिवराज सिंह चौहान ने मांगा जनसमर्थन

 

 

 

हरिद्वार: अवधूत मंडल आश्रम में आयोजित संत समागम में केंद्रीय मंत्री शिवराज सिंह चौहान ने ‘एक राष्ट्र-एक चुनाव’ को देश के विकास के लिए जरूरी बताते हुए संत समाज से जनजागरण में सहयोग की अपील की। कार्यक्रम में मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी भी मौजूद रहे।

चौहान ने कहा कि बार-बार होने वाले चुनावों से प्रशासनिक संसाधनों, समय और धन पर अतिरिक्त दबाव पड़ता है। चुनावी प्रक्रिया में सरकारी मशीनरी के व्यस्त रहने से विकास कार्यों की गति प्रभावित होती है। उन्होंने लोकसभा और विधानसभा चुनाव एक साथ कराने को संसाधनों की बचत और विकास पर प्रशासनिक फोकस बढ़ाने वाला कदम बताया।

केंद्रीय मंत्री ने संत समाज से अपने प्रवचनों के माध्यम से ‘एक राष्ट्र-एक चुनाव’ के पक्ष में लोगों को जागरूक करने का आग्रह किया। उन्होंने कहा कि यह किसी राजनीतिक दल का नहीं, बल्कि राष्ट्रीय हित से जुड़ा विषय है।

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने भी ‘एक राष्ट्र-एक चुनाव’ के विचार के प्रति समर्थन जताते हुए कहा कि उत्तराखंड सरकार और वह स्वयं इस दिशा में जनसमर्थन बढ़ाने में योगदान देंगे।

वंदे मातरम् को लेकर भी किया आह्वान

कार्यक्रम में शिवराज सिंह चौहान ने वंदे मातरम् के पूर्ण स्वरूप को राष्ट्रीय एकता और देशभक्ति का प्रतीक बताते हुए संत समाज से इसके प्रति जनजागरण की अपील की। उन्होंने कहा कि देश की एकता और अखंडता को सर्वोच्च प्राथमिकता दी जानी चाहिए। समागम के दौरान उन्होंने संत समाज का आशीर्वाद लेते हुए ‘एक राष्ट्र-एक चुनाव’ के संकल्प को मजबूत करने का आह्वान किया।

 
 
Exit mobile version