देहरादून: स्वास्थ्य मंत्री सुबोध उनियाल ने रविवार को श्री दरबार साहिब पहुंचकर श्रीमहंत देवेन्द्र दास जी महाराज से मुलाकात की। इस दौरान प्रदेश की स्वास्थ्य सेवाओं और समसामयिक मुद्दों पर चर्चा हुई।
बैठक में श्री महंत इन्दिरेश अस्पताल के लंबित भुगतान का मुद्दा भी उठा। अस्पताल को विभिन्न सरकारी स्वास्थ्य योजनाओं के तहत ₹100 करोड़ से अधिक का भुगतान अभी बाकी है। स्वास्थ्य मंत्री ने कहा कि सरकार बजट की व्यवस्था कर रही है और आवश्यक प्रक्रिया पूरी होते ही लंबित राशि का भुगतान किया जाएगा।
उन्होंने श्री महंत इन्दिरेश अस्पताल द्वारा आयुष्मान, गोल्डन कार्ड समेत राज्य की स्वास्थ्य योजनाओं के लाभार्थियों को उपचार उपलब्ध कराने में दिए जा रहे योगदान की सराहना की।
श्रीमहंत देवेन्द्र दास जी महाराज ने एसजीआरआर एजुकेशन मिशन और श्री गुरु राम राय विश्वविद्यालय की शैक्षणिक गतिविधियों की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि संस्थान शिक्षा और स्वास्थ्य के क्षेत्र में लगातार जनसेवा के कार्य कर रहे हैं। मुलाकात के अंत में श्री दरबार साहिब की ओर से स्वास्थ्य मंत्री को स्मृति चिह्न भेंट किया गया।

