Site icon The Mountain People

केदारनाथ यात्रा पर सरकार की नजर, स्वास्थ्य सेवाओं में विशेषज्ञ डॉक्टरों की कमी दूर करने के निर्देश

 

 

 

रुद्रप्रयाग: केदारनाथ धाम यात्रा को सुरक्षित और सुगम बनाए रखने के लिए शासन स्तर से व्यवस्थाओं की लगातार निगरानी की जा रही है। मंगलवार को प्रभारी सचिव आवास एवं राज्य संपत्ति विभाग डॉ. आर. राजेश कुमार ने वर्चुअल माध्यम से रुद्रप्रयाग जिले में चल रही यात्रा व्यवस्थाओं की समीक्षा की। उन्होंने जिलाधिकारी से यात्रा मार्ग, पड़ावों और श्रद्धालुओं को मिल रही सुविधाओं की जानकारी लेते हुए जरूरी निर्देश दिए।

जिलाधिकारी ने बताया कि फिलहाल यात्रा सुचारु रूप से चल रही है। यात्रा मार्ग और प्रमुख पड़ावों पर आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध हैं तथा पेयजल और बिजली आपूर्ति सामान्य है। प्रभारी सचिव ने निर्देश दिए कि यात्रा मार्ग से लेकर धाम तक व्यवस्थाओं की लगातार निगरानी की जाए और यात्रियों से जुड़ी किसी भी समस्या का तत्काल समाधान हो।

विशेषज्ञ डॉक्टरों की कमी जल्द होगी दूर

समीक्षा में स्वास्थ्य सेवाओं को लेकर भी चर्चा हुई। जिला प्रशासन ने बताया कि यात्रा मार्ग पर स्वास्थ्य सेवाएं संचालित हैं, लेकिन कुछ विशेषज्ञ चिकित्सकों की कमी महसूस हो रही है। इस पर डॉ. आर. राजेश कुमार ने अतिरिक्त विशेषज्ञ चिकित्सकों की तैनाती के लिए आवश्यक कार्रवाई करने के निर्देश दिए।

उन्होंने कहा कि देश के विभिन्न हिस्सों और विदेशों से श्रद्धालु केदारनाथ पहुंच रहे हैं। ऐसे में किसी भी आपात स्थिति से निपटने के लिए यात्रा मार्ग का स्वास्थ्य तंत्र पूरी तरह तैयार रहना चाहिए।

घोड़े-खच्चरों के कल्याण पर भी फोकस

प्रभारी सचिव ने यात्रा में इस्तेमाल हो रहे घोड़ा-खच्चरों और अन्य पशुओं की स्थिति की भी जानकारी ली। उन्होंने पशुओं के स्वास्थ्य की नियमित जांच, जरूरी उपचार और संचालन व्यवस्था की निगरानी के निर्देश दिए।

उन्होंने स्पष्ट किया कि यात्रा के दौरान पशुओं के साथ मानवीय व्यवहार और निर्धारित मानकों का पालन हर हाल में सुनिश्चित किया जाए।

विभागों में बेहतर तालमेल के निर्देश

डॉ. आर. राजेश कुमार ने सफाई, पेयजल, बिजली, स्वास्थ्य, यातायात और सुरक्षा समेत सभी व्यवस्थाओं को लगातार मजबूत बनाए रखने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि केदारनाथ यात्रा सरकार की प्राथमिकताओं में है और श्रद्धालुओं की सुरक्षा एवं सुविधा में किसी तरह की लापरवाही नहीं होनी चाहिए।

उन्होंने सभी विभागों को आपसी समन्वय से काम करने और यात्रा के दौरान सामने आने वाली समस्याओं का तत्काल एवं समयबद्ध समाधान सुनिश्चित करने को कहा।

प्रभारी सचिव ने कहा कि मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के निर्देशों के अनुरूप यात्रा को सुरक्षित, सुगम और व्यवस्थित बनाने के लिए शासन स्तर से लगातार निगरानी की जा रही है। स्वास्थ्य सेवाओं में विशेषज्ञ चिकित्सकों की आवश्यकता को पूरा करने के साथ यात्रा मार्ग की अन्य व्यवस्थाओं को भी लगातार बेहतर किया जाएगा।

Exit mobile version