देहरादून: उत्तराखंड में औद्योगिक विकास को गति देने के लिए प्रस्तावित इंटीग्रेटेड मैन्युफैक्चरिंग क्लस्टर (IMC), खुरपिया को लेकर सरकार ने तैयारियां तेज कर दी हैं। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने सोमवार को मुख्यमंत्री आवास से नई दिल्ली में केंद्रीय वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण की अध्यक्षता में हुई NICDIT की तृतीय शीर्ष मॉनिटरिंग बैठक में वर्चुअल प्रतिभाग किया।
बैठक में देशभर में औद्योगिक कॉरिडोर से जुड़ी परियोजनाओं की प्रगति, निर्माण की समयसीमा और आधारभूत सुविधाओं की स्थिति की समीक्षा की गई। मुख्यमंत्री ने उत्तराखंड में IMC खुरपिया की प्रगति और राज्य सरकार की ओर से किए जा रहे प्रयासों की जानकारी दी।
मुख्यमंत्री ने बताया कि परियोजना के लिए निर्धारित 1,002 एकड़ भूमि NUITL के कब्जे में है और फिलहाल परियोजना स्थल पर कोई बड़ी बाधा नहीं है। IMC खुरपिया के विकास के लिए EPC अनुबंध 20 मार्च 2026 को किया जा चुका है और निर्माण कार्य शुरू हो गया है।
उन्होंने बताया कि परियोजना के लिए कुल 24.1 किलोमीटर ROW क्लियर कर EPC ठेकेदार को उपलब्ध करा दिया गया है। इसके बाद सड़क निर्माण समेत अन्य जरूरी कार्य तेजी से आगे बढ़ रहे हैं।
सड़क और बिजली कनेक्टिविटी पर फोकस
मुख्यमंत्री ने कहा कि किसी बड़े औद्योगिक क्लस्टर की सफलता के लिए केवल उद्योग स्थापित करना पर्याप्त नहीं है। मजबूत सड़क कनेक्टिविटी, पर्याप्त बिजली आपूर्ति और आधुनिक ट्रंक इंफ्रास्ट्रक्चर भी जरूरी है।
उन्होंने बताया कि नागला-किच्छा SH-44 के करीब 10.7 किलोमीटर हिस्से को फोरलेन करने के लिए आवश्यक कार्रवाई की जा रही है। इससे IMC खुरपिया को बेहतर सड़क संपर्क मिलने के साथ क्षेत्र में औद्योगिक गतिविधियों को भी गति मिलेगी।
वहीं, परियोजना के लिए निर्बाध बिजली आपूर्ति सुनिश्चित करने के लिए PITCUL द्वारा 400/220 केवी उपकेंद्र के निर्माण की दिशा में कार्यवाही और समन्वय किया जा रहा है।
दिसंबर 2028 तक पूरा होगा ट्रंक इंफ्रास्ट्रक्चर
मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को परियोजना के हर चरण की लगातार निगरानी करने और विभागों के बीच बेहतर समन्वय बनाए रखने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि IMC खुरपिया के ट्रंक इंफ्रास्ट्रक्चर को दिसंबर 2028 तक पूरा करने का लक्ष्य रखा गया है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि यह परियोजना उत्तराखंड में निवेश आकर्षित करने, स्थानीय युवाओं के लिए रोजगार और कौशल विकास के अवसर बढ़ाने तथा क्षेत्रीय अर्थव्यवस्था को मजबूती देने में अहम भूमिका निभाएगी।
उन्होंने भारत सरकार और NICDIT/NICDC की ओर से गठित SPV से परियोजना के समयबद्ध क्रियान्वयन के लिए आवश्यक सहयोग की अपेक्षा जताई। मुख्यमंत्री ने कहा कि केंद्र और राज्य के समन्वित प्रयासों से IMC खुरपिया को आधुनिक, प्रतिस्पर्धी और निवेश-अनुकूल औद्योगिक केंद्र के रूप में विकसित किया जाएगा।

