स्वतंत्रता दिवस पर धामी का संदेश: विकास में योगदान के साथ ‘नकारात्मक नैरेटिव’ से भी रहें सतर्क
The Mountain People
देहरादून: भाजपा प्रदेश मुख्यालय में 80वां स्वतंत्रता दिवस उत्साह और राष्ट्रभक्ति के साथ मनाया गया। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी और प्रदेश अध्यक्ष महेंद्र भट्ट ने तिरंगा फहराया और स्वतंत्रता सेनानियों, वीर जवानों व उत्तराखंड राज्य आंदोलन के बलिदानियों को नमन किया।
मुख्यमंत्री धामी ने कहा कि देश ‘विकसित भारत’ के संकल्प के साथ तेजी से आगे बढ़ रहा है। उन्होंने कहा कि जिस तरह विकास में जनता की भागीदारी जरूरी है, उसी तरह समाज में फैलाए जा रहे भ्रम और नकारात्मक नैरेटिव के प्रति जागरूक रहना भी जरूरी है।
धामी ने उत्तराखंड को देश का श्रेष्ठ राज्य बनाने को सरकार का ‘विकल्प रहित संकल्प’ बताते हुए विकास की गति बनाए रखने पर जोर दिया। उन्होंने विपक्ष पर निशाना साधते हुए कांग्रेस पर झूठ और भ्रम फैलाने का आरोप भी लगाया।
वहीं प्रदेश अध्यक्ष महेंद्र भट्ट ने लोगों से प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की अपील के अनुरूप स्थानीय उत्पाद खरीदने और ‘वोकल फॉर लोकल’ को बढ़ावा देने का आग्रह किया। उन्होंने कहा कि स्थानीय उत्पादों को अपनाना प्रदेश की अर्थव्यवस्था और रोजगार को मजबूत करने में अहम भूमिका निभा सकता है।
कार्यक्रम में पूर्व मुख्यमंत्री रमेश पोखरियाल निशंक, राज्यसभा सांसद नरेश बंसल, प्रदेश पदाधिकारी और बड़ी संख्या में भाजपा कार्यकर्ता मौजूद रहे।