देहरादून: पीपलकोटी स्थित टीएचडीसी टनल हादसे के बाद राहत एवं बचाव अभियान को लेकर आपदा प्रबंधन एवं पुनर्वास मंत्री मदन कौशिक ने शुक्रवार को राज्य आपातकालीन परिचालन केंद्र (SEOC) पहुंचकर स्थिति की समीक्षा की। उन्होंने टनल के भीतर लापता लोगों की तलाश, घायलों के उपचार और घटनास्थल पर चल रहे राहत कार्यों की विस्तृत जानकारी ली।
अधिकारियों ने मंत्री को सर्च एवं रेस्क्यू अभियान की प्रगति से अवगत कराया। मंत्री ने घायलों के समुचित उपचार और आवश्यक चिकित्सा सुविधाएं सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। साथ ही हादसे में मृतकों के शवों को पूरे सम्मान के साथ उनके गृह क्षेत्रों तक पहुंचाने के लिए जरूरी व्यवस्थाएं करने को कहा।
रेस्क्यू ऑपरेशन में कोई कमी न रहे
मदन कौशिक ने कहा कि इस कठिन समय में राज्य सरकार पूरी संवेदनशीलता के साथ प्रभावित परिवारों के साथ खड़ी है। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि टनल में लापता लोगों की तलाश के लिए अभियान पूरी गंभीरता, तेजी और बेहतर समन्वय के साथ जारी रखा जाए।
उन्होंने कहा कि राहत एवं बचाव कार्यों में किसी भी स्तर पर कमी नहीं होनी चाहिए और सभी उपलब्ध संसाधनों का प्रभावी इस्तेमाल किया जाए।
फील्ड में 24×7 मुस्तैद रहें अधिकारी
मंत्री ने आने वाले दिनों के मौसम पूर्वानुमान की भी जानकारी ली। उन्होंने संभावित खराब मौसम को देखते हुए सभी आवश्यक एहतियाती कदम उठाने के निर्देश दिए। साथ ही विभिन्न नदियों के जलस्तर और संवेदनशील क्षेत्रों की स्थिति पर लगातार निगरानी रखने को कहा।
उन्होंने SEOC के माध्यम से सभी जिलों के साथ प्रभावी और उच्चस्तरीय समन्वय बनाए रखने के निर्देश दिए। मंत्री ने स्पष्ट कहा कि अधिकारी और राहत-बचाव दल 24×7 फील्ड में मुस्तैद रहें और किसी भी आपात स्थिति में तत्काल कार्रवाई सुनिश्चित करें।
उन्होंने कहा कि मौसम, नदियों के जलस्तर और संवेदनशील क्षेत्रों पर लगातार नजर रखी जाए, ताकि किसी भी संभावित खतरे से पहले आवश्यक कदम उठाए जा सकें।

